प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सोमवार रात करीब 9.15 बजे आए एक ट्वीट से खलबली मच गई है। पीएम मोदी के इस ट्वीट के बाद ट्विटर के टॉप फाइव ट्रेंड में नरेंद्र मोदी और उनके ट्वीट से जुड़े हैशटैग ट्रेंड कर रहे हैं। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से आए इस ट्वीट में कहा गया है कि वह रविवार को अपने सभी सोशल मीडिया एकाउंट्स को छोड़ने पर विचार कर रहे हैं। वह जल्द ही इसकी जानकारी देंगे। ट्विटर पर पीएम के इस ऐलान के बाद #Nosir भी टॉप ट्रेंड कर रहा है।
इस ट्वीट के बाद से सोशल मीडिया की दुनिया में हंगामा मच गया है। लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया है कि रविवार को भारत के अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का ऐलान हो सकता है।
पीएम मोदी ने इस ट्वीट में कहा है, ‘सोच रहा हूं कि इस रविवार से मैं फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब से हट जाऊं। आगे जानकारी देता रहूंगा।’
ट्विटर पर पीएम मोदी के पर्सनल अकाउंट पर फिलहाल 53.3 मिलियन फॉलोअर हैं। वहीं फेसबुक पर 44,597,317 लोग फॉलो करते हैं। इंस्टाग्राम पर पीएम मोदी को साढ़े तीन करोड़ से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूट्यूब पर उनके 4.51 मिलियन सब्सक्राइबर्स हैं। वह दुनिया के तीसरे सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले नेता हैं।
पीएम मोदी भारत के उन नेताओं में से हैं, जिन्होंने सबसे पहले लोगों तक पहुंच बनाने के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल किया। उनकी सियासी सफलता में सोशल मीडिया का बड़ा हाथ बताया जाता है। गुजरात के मुख्यमंत्री से देश के पीएम तक के उनके सफर में सोशल मीडिया की भूमिका रही है। गुजरात के सीएम के तौर पर ही वह सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हो गए थे। युवाओं के बीच उनकी पैठ भी सोशल मीडिया से ही बनी। पीएम की सक्रियता और सफलता के बाद अधिकतर नेताओं ने सोशल मीडिया का रुख किया।


Leave a comment