रूद्रप्रयाग जिला कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केदारनाथ 21 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे केदारनाथ हैलीपैड़ पर पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री 8ः30 बजे से 9 बजे तक बाबा केदार के दर्शन व पूजा-अर्चना करेंगे। इसके पश्चात् उनके द्वारा केदारनाथ रोपवे प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया जाएगा। शिलान्यास के बाद मोदी आदि गुरू शंकराचार्य की समाधि के दर्शन करेंगे। इसके साथ ही धाम में पुनर्निर्माण कार्यों का जायजा लेंगे जिसके बाद 10ः30 बजे बदरीनाथ हेतु प्रस्थान करेंगे।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने प्रधानमंत्री के केदारनाथ भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत जनपद स्तरीय अधिकारियों एवं पुलिस प्रशासन को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने एवं अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दायित्व सौंपते हुए धाम में तैनाती कर दी है।
पीएम मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है और वह उत्तराखंड में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों की लगातार जानकारी लेते रहते हैं। वह लगातर वर्चुअल माध्मय से बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम में चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते रहते हैं। प्रधानमंत्री ने कुछ दिन पहले वर्चुटल मीटिंग में कहा था कि वासुकीताल, गरूड़ चट्टी, लिंचोली और उनके आस-पास श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक दृष्टि से क्या किया जा सकता है, इसका पूरा प्लान तैयार किया जाए।

पीएम मोदी ने कहा कि श्री बद्रीनाथ के साथ ही आस-पास के क्षेत्रों को मॉडल के रूप में विकसित करने के लिए भी योजना बनाई जाए। माणा गांव एवं उसके आस-पास के क्षेत्रों को रूरल टूरिज्म के लिए विकसित करने की दिशा में भी ध्यान दिया जाए। इनमें स्थानीय कल्चर एवं स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर ईकोनॉमी का अच्छा मॉडल बनाया जा सकता है।
बदरीनाथ-केदारनाथ के विशेष कार्य अधिकारी भाष्कर खुल्बे कुछ दिन पहले बदरीनाथ और केदारनाथ धाम पहुंचे। उन्होंने बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में पुनर्निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उनके साथ प्रधानमंत्री कार्यालय में उप सचिव मंगलेश घिल्ड़ियाल भी मौजूद रहे। भाष्कर खुल्बे और मंगेश घिल्डियाल ने निर्माणदायी संस्थाओं को अक्टूबर तक विभिन्न कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सड़क, विद्युत, जल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरस्त रखने के भी निर्देश दिए। इस दौरान भाष्कर खुल्बे ने कहा कि केदारपुरी का पुनर्निर्माण एवं सौंदर्यीकरण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वकांक्षी योजनाओं में शामिल है।

भाष्कर खुल्बे ने जिला प्रशासन समेत निर्माणदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए समय पर सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केदारपुरी में लगातार विपरीत मौसम व भारी बारिश की संभावनाएं बनी रहती हैं, ऐसे में प्राथमिकता के साथ सभी रेन शैल्टरों का निर्माण यथाशीघ्र पूरा किया जाए ताकि बाबा केदार के दर्शन को पहुंच रहे श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।
उसके बाद राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी केदारनाथ और बदरीनाथ धाम का दौरा किया था और वहां चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा की थी तथा कार्यों को समय पर पूर्ण करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिये थे।


Leave a comment