Friday , 4 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ हरिद्वार के नव निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों को मुख्यमंत्री ने दी बधाई
उत्तराखंड न्यूज़ताज़ा ख़बरहरिद्वार

हरिद्वार के नव निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों को मुख्यमंत्री ने दी बधाई

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी नव-निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने हरिद्वार की जनता का आभार व्यक्त करते हुये कहा कि पंचायत जन-प्रतिनिधियों की यह जीत हरिद्वार जिले में विकास के नए अध्याय की शुरुआत है। मुख्यमंत्री ने सभी निर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों, क्षेत्र पंचायत सदस्यो एवं अन्य प्रतिनिधियों से जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप विकास कार्य को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि सीधे तौर पर सरकार एवं जनता के बीच में सेतु रुप में कार्य करते हैं तथा विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार हरिद्वार की आदर्श जनपद के रूप में पहचान बनाएगी इसके लिए हरिद्वार में, पर्यटन सुविधाओं के विकास तथा बुनियादी ढांचे एवं रोजगारपरक योजनाओं को संचालित करने पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार संपूर्ण देश व विश्व का आध्यात्मिक केंद्र होने के साथ ही यहां के उद्योगों के माध्यम से लाखों लोगों को रोजगार भी मिल रहा है तथा सरकार की यह विकास यात्रा सभी की सामूहिक यात्रा है। उन्होंने कहा सभी पंचायत प्रतिनिधि अपने क्षेत्र के विकास लिये मंथन करेंगे ताकि हरिद्वार एक आदर्श एवं सर्वश्रेष्ठ जनपद बन सके।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड लगातार आगे बढ़़ रहा है। पूरे देश में ट्रांसफार्म, रिफॉर्म एवं परफॉर्म की कार्य संस्कृति देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाएं समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने पर केंद्रित रहती हैं। उन्होंने कहा कि कोविड काल में दुनिया का सबसे बड़ा वैक्सीनेशन अभियान भारत में चलाया गया। भारत ने इस दौरान पड़ोसी देशों को भी वैक्सीन देने का काम किया तथा 20 करोड़ वैक्सीन विभिन्न देशों को उपलब्ध कराई।

हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल ’निशंक’ ने सभी प्रतिनिधियों के निर्विरोध चुने जाने पर इसे हरिद्वार जिले हेतु ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि हरिद्वार जिले की यह ऐतिहासिक जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों पर जनता द्वारा लगाई गई मोहर है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी संपूर्ण राज्य में विकास की गंगा बहा रहे हैं। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहां कि विकास की यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए वे कंधे से कंधा मिलाकर सभी के साथ हमेशा खड़े रहेंगे।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

प्रेशर हॉर्न पर अब सख्ती, दूसरी बार पकड़े जाने पर ₹10 हजार चालान

उत्तराखंड में वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने और उनका अनावश्यक इस्तेमाल करने...