कोविड संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने मार्च 2020 से प्राथमिक स्कूलों को बंद कर दिया गया था लेकिन अब हालात कुछ सामान्य होने के बाद सरकार ने आज से स्कूलों को खोलने का आदेश जारी किया गया था।
शासन के आदेश के बाद विभाग की ओर से स्कूलों को खोले जाने को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। शिक्षा निदेशक रामकृष्ण उनियाल के निर्देशों के अनुसार सभी स्कूलों में एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) का पूरी तरह से पालन करते हुए बच्चों को प्रवेश दिया गया। अधिकांश स्कूलों में बच्चों को थर्मल स्क्रीनिंग और सैनिटाइजेशन के बाद ही एंट्री मिली। अधिकतर सरकारी स्कूलों की कक्षाएं तीन घंटे चलेंगी।
बच्चों की पढ़ाई के नुकसान को कम किया जा सके इसके लिए डायट और एससीईआरटी के सहयोग से बच्चों के लिए ब्रिजकोर्स चलाया जाएगा। शिक्षा निदेशक ने कहा कि स्कूलों में ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पढ़ाई जारी रहेगी। अभिभावकों पर बच्चों को स्कूल भेजने को लेकर किसी तरह का दबाव नहीं होगा।
उत्तराखंड के सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में लगभग 3.5 लाख और निजी स्कूलों में 4 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे हैं।



Leave a comment