कश्मीरी पंडितों के पलायन और उत्पीड़न पर बनी ‘द कश्मीर फाइल्स’ फिल्म को उत्तराखंड में टैक्स फ्री कर दिया गया है। इस संबंध में मंगलवार को अपर मुख्य सचिव मनीषा पंवार की ओर से निर्देश जारी दिए गए हैं। कार्यवाहक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को फिल्म को टैक्स फ्री करने के लिए मुख्य सचिव को निर्देश दिए थे।
मुख्यमंत्री ने भी 14 मार्च को यह फिल्म देखी थी और उन्होंने अपने ट्वीट में कहा था कि आज देहरादून स्थित सिनेमा हॉल में विवेक अग्निहोत्री द्वारा निर्देशित, कश्मीरी हिन्दुओं पर हुए अत्याचार पर बनी फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ देखने का अवसर प्राप्त हुआ। आम जनमानस पर हुए अत्याचार की पराकाष्ठा को जीवंत कर देने वाली यह फिल्म नई पीढ़ी को इतिहास से रूबरू कराती है।
फिल्म देखने के बाद पुष्कर सिंह धामी ने फिल्म निर्देशक विवेक अग्निहोत्री से फोन पर बात कर कश्मीरी हिंदुओं पर हुए अत्याचार को बेहतरीन ढंग से प्रदर्शित करने पर बधाई दी।
‘द कश्मीर फाइल्स’ फिल्म 11 मार्च को रिलीज हुई थी इस फिल्म को कई राज्यों ने टैक्स फ्री किया है। कार्यवाहक कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कार्यवाहक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उत्तराखंड में फिल्म को टैक्स फ्री करने का आग्रह किया था। ‘द कश्मीर फाइल्स’ फिल्म की ज्यादातर शूटिंग उत्तराखंड के मसूरी में हुई है।
इस फिल्म का ज्यादा प्रचार प्रसार नहीं किया गया है फिर भी यह फिल्म हाउसफुल चल रही है। इस फिल्म को देखकर दर्शक काफी भावुक हो रहे हैं क्योंकि इस फिल्म में 1990 के दौरान जम्मू कश्मीर के लोगों पर आतंकवादियों द्वारा जो अत्याचार किये गये वह इस फिल्म के माध्यम से लोगों को देखने को मिल रहा है।


Leave a comment