उत्तराखंड के परिवहन विभाग ने राज्य में पर्यावरण को हो नुकसान से बचने के लिए देहरादून के डोईवाला और ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर में निजी सहभागिता से ऑटोमेटेड फिटनेस सेंटर शुरू किए हैं। इसका कई संगठनों द्वारा विरोध किया जा रहा है। वाहनों की फिटनेस अनिवार्य करने के विरोध में विक्रम, ऑटो, बस, ट्रक, सिटी बस संचालक ने आज यहां पर चक्काजाम का ऐलान किया है।
ऑटोमेटेड फिटनेस सेंटर की अनिवार्यता और देहरादून, हरिद्वार जिले में दस साल से पुराने विक्रम, ऑटो बंद करने के विरोध में आज मंगलवार को राज्य में चक्काजाम किया जा रहा है। चक्काजाम होने के कारण देहरादून, ऋषिकेश में यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों में जाने वाले लोगों को वाहन नहीं मिल रहे हैं। सड़कों पर इक्के दुक्के वाहन ही दिख रहे हैं। इसके अलावा प्रदेशभर के वाहन स्वामी आज देहरादून में विधानसभा कूच भी करेंगे।

गौरतलब रहे कि परिवहन विभाग ने देहरादून के डोईवाला और ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर में निजी सहभागिता से ऑटोमेटेड फिटनेस सेंटर शुरू किए हैं। वाहनों की फिटनेस अनिवार्य करने के विरोध में विक्रम, ऑटो, बस, ट्रक, सिटी बस संचालक विरोध कर रहे हैं और इसी सिलसिले में उन्होंने आज चक्काजाम करने का ऐलान किया है।
इसके अलावा देहरादून में 10 साल पुराने डीजल के ऑटो, विक्रम के बंद होने के आदेश का यहां पर भारी विरोध हो रहा है। इस चक्काजाम में उत्तराखंड विक्रम, ऑटो रिक्शा परिवहन महासंघ, सिटी बस सेवा महासंघ सहित गढ़वाल मंडल की करीब 15 यूनियनों के साथ ही कुमाऊं मंडल की यूनियन भी इसमें शामिल हैं। चक्काजाम के कारण यहां पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
वहीं, परिवहन आयुक्त अरविंद सिंह ह्यांकी ने सभी डीएम, एसएसपी, आरटीओ, एआरटीओ को पत्र भेजकर चक्काजाम होने पर वैकल्पिक व्यवस्था करने को कहा है। उधर, विक्रम जनकल्याण सेवा समिति ने कहा है कि वह चक्काजाम में नहीं केवल विधानसभा कूच में शामिल होंगे।


Leave a comment