Friday , 4 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ देहरादून स्थापना दिवस पर बोले सीएम त्रिवेंद्र, नए भारत के निर्माण में उत्तराखंड निभा रहा अहम भूमिका
देहरादून

स्थापना दिवस पर बोले सीएम त्रिवेंद्र, नए भारत के निर्माण में उत्तराखंड निभा रहा अहम भूमिका

उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की 20वीं वर्षगांठ पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सभी प्रदेश वासियों को शुभकामनाएं दी हैं। राज्य स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड राज्य निर्माण के सभी अमर शहीदों और राज्य आंदोलनकारियों का स्मरण किया और कहा कि नए भारत के निर्माण में उत्तराखंड महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय फलक पर उत्तराखंड ने अपनी खास पहचान बनाई है। पिछले साढ़े तीन वर्षों में तमाम क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर हमारे प्रयासों को सराहा गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में बहुत से ऐसे काम हुए हैं, जो कि पहले मुमकिन नहीं लग रहे थे। केंद्र सरकार द्वारा लगभग एक लाख करोड़ रूपए की विभिन्न परियोजनाएं प्रदेश के लिए स्वीकृत हुई हैं। लगभग सभी योजनाओं पर तेजी से काम भी चल रहा है।
राज्य में अनेक उच्च स्तरीय संस्थाएं स्थापित हुई हैं। देश का पहला ड्रोन एप्लीकेशन सेंटर, सीपेट, कोस्ट गार्ड भर्ती सेंटर, नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ऑन नेचुरल फाईबर इनमें शामिल हैं। इसके अतिरिक्त स्मार्ट सिटी परियोजना, उत्तराखंड वाटर मैनेजमेंट प्रोजेक्ट और जमरानी बहुद्देशीय परियोजना, भारत नेट फेज 2 परियोजना सहित अन्य बहुत सी परियोजनाएं भी डबल इंजन का ही परिणाम है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले लगभग साढ़े तीन वर्षों में उत्तराखंड ने विभिन्न क्षेत्रों में बेहतरीन प्रदर्शन किया है नीति आयोग द्वारा जारी “भारत नवाचार सूचकांक 2019“ में पूर्वोत्तर एवं पहाड़ी राज्यों की श्रेणी में उत्तराखंड सर्वश्रेष्ठ तीन राज्यों में शामिल है। राज्य को 66वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में बेस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट घोषित किया गया उत्तराखंड को खाद्यान्न उत्पादन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दूसरी बार कृषि कर्मण प्रशंसा पुरस्कार दिया गया। नदियों के संरक्षण, स्वच्छ भारत मिशन, मनरेगा और पी. एम.जी. एस.वाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उत्तराखंड को पुरस्कृत किया गया।


त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि गैरसैंण राज्य आंदोलन की मूल भावना थी। इसी भावना और सोच के साथ हमने गैरसैंण को उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाया है अब गैरसैण में राजधानी के अनुरूप आवश्यक सुविधाओं के विकास की कार्ययोजना बनाई जा रही है। यहां एक जिला स्तरीय अस्पताल को मंजूरी दी गई है। पेयजल के लिए 70 करोड़ की लागत से जलाशय पर काम चल रहा है। सड़कों का चैड़ीकरण किया जा रहा है। हैलीपेड बनाया जा रहा है। मिनी सचिवालय भी बनाया जा रहा है। बेनीताल में एस्ट्रोविलेज बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आत्मनिर्भर उत्तराखंड और वोकल फॉर लोकल के लिए हमारी सरकार ने बड़ी पहल की है। युवाओं और महिलाओं की आजीविका पर विशेष ध्यान दिया गया है। स्वरोजगार को एक अभियान के तौर पर लेते हुए हमने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना शुरू की है। मुख्यमंत्री सौर ऊर्जा स्वरोजगार योजना में 25-25 किलोवाट की 10 हजार परियोजनाएं आवंटित की जा रही हैं इसके तहत 25 प्रतिशत सब्सिडी और बिजली खरीद की गारंटी है। पिरूल प्रोजेक्ट में स्थानीय लोगों को पिरूल एकत्र करने पर 3.5 रूपए प्रति किलो का भुगतान मिल रहा है। वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली योजना के तहत बस खरीदने के लिए 50 प्रतिशत तक की सब्सिडी दी जा रही है पर्यटन के तहत हम 10 हजार मोटर बाईक देंगे। इसमें दो साल का ब्याज राज्य सरकार द्वारा दिया जा रहा है।


राज्य में फिल्मों की अधिक से अधिक शूटिंग हो, इसके लिए राज्य में फिल्मों के अनुकूल माहौल बनाया है। विभिन्न रोपवे प्रोजेक्ट पर काम किया जा रहा है। इनमें देहरादून से मसूरी, कद्दूखाल से सुरकंडा देवी, तुलीगाड से पूर्णागिरी, गौरीकुंड से केदारनाथ, घांघरिया से हेमकुंड प्रोजेक्ट शामिल हैं।
उत्तराखंड के उत्पादों की ब्रांडिंग पर भी ध्यान दिया जा रहा है। किसानों को तीन लाख रूपए तक और स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रूपए तक का ऋण, बिना ब्याज के उपलब्ध कराया जा रहा है। इसमें अभी तक 4 लाख से अधिक किसानों और 1330 समूहों को 2062 करोड़ रूपए का ऋण वितरित किया जा चुका है।


उन्होंने कहा कि वन्यजीवों से फसलों की सुरक्षा के लिए हम व्यापक कार्ययोजना पर काम कर रहे है। इसमें 4 वानर रेस्क्यू सेंटरों की स्थापना के साथ ही तार बाड़, जानवर रोधी दीवार और खाईयों का निर्माण शामिल है 94 गांवों में 101 किलोमीटर घेरबाड़ की जा चुकी है। 10 हजार वनरक्षकों की भी तैनाती की जा रही है। राज्य में हेल्थ सिस्टम को मजबूत किया है वर्ष 2017 में जहां प्रदेश में केवल 3 जनपदों में आई.सी.यू. थे वहीं अब राज्य के सभी जनपदों में आई.सी.यू. स्थापित किए जा चुके हैं। देहरादून, श्रीनगर, अल्मोड़ा, हल्द्वानी, रुद्रपुर के बाद अब हरिद्वार और पिथौरागढ़ में भी मेडिकल कॉलेज बन रहे हैं पिछले लगभग साढ़े तीन साल में डाक्टरों की संख्या दोगुनी से अधिक हो गई है।

विकास का लाभ दूरदराज के क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार पूरी ईमानदारी से प्रयास कर रही है। हम अपने सभी वायदों को पूरा करने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। उत्तराखंड को मॉडल स्टेट बनाने के लिए हमें आप सभी के सहयोग और मार्गदर्शन की आवश्यकता है।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

प्रेशर हॉर्न पर अब सख्ती, दूसरी बार पकड़े जाने पर ₹10 हजार चालान

उत्तराखंड में वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने और उनका अनावश्यक इस्तेमाल करने...