Saturday , 5 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ एम्स ऋषिकेश में दो कोरोना संक्रमितों की मौत, राज्य में 68 नए मामले
उत्तराखंड न्यूज़देहरादून

एम्स ऋषिकेश में दो कोरोना संक्रमितों की मौत, राज्य में 68 नए मामले

उत्तराखंड में कोरोना का संक्रमण थम नहीं रहा है। रोजाना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। बृहस्पतिवार को प्रदेश में कोरोना के 68 और नए मामले सामने आए हैं। देहरादून में सबसे अधिक 36 व्यक्तियों में कोरोना की पुष्टि की है। वहीं, नैनीताल व टिहरी में भी दस-दस नए संक्रमित मरीज मिले हैं। जबकि पौड़ी में चार, चंपावत में तीन, बागेश्वर में दो और उत्तरकाशी, अल्मोड़ा वह ऊधमसिंहनगर में एक-एक व्यक्ति करोना संक्रमित पाया गया है। इसके बाद प्रदेश में पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 1153 हो गई है। जिनमें से 297 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के अलग-अलग अस्पतालों में 837 एक्टिव मरीज उपचाराधीन हैं। चार संक्रमित मरीज अन्य राज्यों को भी चले गए हैं।

इस बीच, ऋषिकेश स्थित एम्स में भर्ती कोरोना संक्रमित दो और मरीजों की मौत हो गई है। इनमें एक 21 वर्षीय युवक और दूसरा 25 वर्षीय महिला मरीज थी। ये दोनों मूलरूप से मुजफ्फरनगर (यूपी) के निवासी हैं और कुछ दिन पहले ही इलाज के लिए एम्स पहुंचे थे। इस तरह प्रदेश में कोरोना से मरने वाले मरीजों की संख्या दस हो गई। हालांकि यह सभी मरीज पहले से ही अन्य गंभीर बीमारियों से भी जूझ रहे थे। लिहाजा स्वास्थ्य विभाग इनकी मौत की वजह कोरोना नहीं मान रहा है। कुल मिलाकर मैदान से लेकर पहाड़ तक कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार को देहरादून में कोरोना संक्रमण के सर्वाधिक 36 नए केस सामने आए हैं। इनमें 22 मामले निरंजनपुर स्थित सब्जी मंडी से हैं। ये वह लोग हैं जो पूर्व में संक्रमित पाए गए मरीजों के संपर्क में आए हैं।

यह भी देखें – निरंजनपुर मंडी बंद, अब देहरादून पांच दिन ही खुलेगा, दो दिन फुल लॉकडाउन

दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय में एक डॉक्टर और नर्स में कोरोना की पुष्टि हुई है। इसके अलावा एम्स ऋषिकेश में भर्ती मुंबई से लौटा एक शख्स भी संक्रमित मिला है। जबकि एक अन्य व्यक्ति जो कि महाराष्ट्र से लौटा है वह भी पॉजिटिव मिला है। इसके अलावा आठ अन्य लोग भी कोरोना की चपेट में आए हैं। स्वास्थ्य विभाग इनकी ट्रैवल हिस्ट्री खंगाल रहा है तथा इनके संपर्क में आए लोगों की तलाश की जा रही है। नैनीताल में मुंबई से वापस लौटे 10 और व्यक्ति संक्रमित पाए गए हैं। इसी तरह टिहरी में भी 10 और व्यक्तियों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। यह भी मुंबई से लौटे हुए हैं।

पौड़ी में भी नोएडा व महाराष्ट्र से लौटे दो-दो लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसके अलावा चंपावत में तीन लोग संक्रमित मिले हैं जो कि महाराष्ट्र से लौटे हुए हैं। बागेश्वर में भी मुंबई और गुजरात से लौटे दो शख्स पॉजिटिव पाए गए हैं। उत्तरकाशी, अल्मोड़ा व उधमसिंहनगर में भी एक-एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया है। यह भी महाराष्ट्र व दिल्ली से वापस लौटे हुए लोग हैं। इधर, बृहस्पतिवार को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती 15 संक्रमित मरीज भी स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुए हैं। इनमें देहरादून से छह, बागेश्वर से चार, अल्मोड़ा तीन तथा पौड़ी से दो मरीज ठीक हुए हैं।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

1 Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

प्रेशर हॉर्न पर अब सख्ती, दूसरी बार पकड़े जाने पर ₹10 हजार चालान

उत्तराखंड में वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने और उनका अनावश्यक इस्तेमाल करने...