पुलिस स्टेशन प्रभारी ने शिकायत में बताया है कि करीब 250 से 300 यूकेडी कार्यकर्ता इकट्ठे होकर एक वाहन में लॉउड स्पीकर के माध्यम से सरकार विरोधी नारेबाजी कर रहे थे। नारेबाजी करते हुए एक समूह में कनक, ओरिएंट से राजपुर रोड होते हुए न्यू कैंट रोड से हाथीबड़कला बैरियर के लिए चले। इसी दौरान यूकेडी कार्यकर्ताओं में से किसी अज्ञात व्यक्ति ने कनक के पास लगी होर्डिंग और पोस्टरों (जोकि सेवा, सुशासन और विकास के 3 वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में सरकारी विभाग द्वारा लगवाये गये थे) को तोड़फोड़ कर फाड़ दिया। जिससे सरकारी संपत्ति का नुकसान हुआ है। शिकायत में बताया गया कि पुलिस ने रैली को सड़क के एक किनारे करने का प्रयास किया गया, लेकिन पार्टी कार्यकर्ता सड़क के बीचों बीच बैठ गए, जिससे आने जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सड़क के दोनों तरफ यातायात अवरुद्ध हो जाने के कारण वाहनों की लम्बी कतारें लग गयी, जिसमें सरकारी एम्बुलेंस और अन्य इमरजेंसी वाहन भी फंस गए। अज्ञात कार्यकर्ताओं द्वारा एकराय होकर सड़क पर सरेआम बैठकर मार्ग अवरुद्ध करने और सरकार विरोधी नारेबाजी कर उत्पात मचाने, सरकारी कार्य में डालने और होर्डिंग्स व तोड़फोड़ की गई। तहरीर के आधार अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। बता दें कि यूकेडी नेता आशुतोष नेगी और आशीष नेगी पर पुलिसिया कार्रवाई को लेकर यूकेडी मुखर है। इस मुद्दे पर यूकेडी सरकार पर लगातार हमलावर हो रही है।


Leave a comment