Saturday , 5 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ घसियारी कल्याण योजना का केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे शुभारंभ, तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे सीएम धामी और पूर्व सीएम त्रिवेंद सिंह
उत्तराखंड न्यूज़देहरादून

घसियारी कल्याण योजना का केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे शुभारंभ, तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे सीएम धामी और पूर्व सीएम त्रिवेंद सिंह

उत्तराखंड में भाजपा सरकार की सबसे महत्वकांक्षी योजनाओं में शुमार घसियारी कल्याण योजना का 30 अक्टूबर को शुभारंभ होने जा रहा है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह देहरादून से इस योजना की शुरुआत करेंगे। इस कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए बड़े पैमाने पर तैयारियां की गई हैं। सूबे के स्वास्थ्य, प्रोटोकॉल और सहकारिता मंत्री डा. धन सिंह रावत के मुताबिक, बन्नू स्कूल में होने वाले कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने आयोजन स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। शासन-प्रशासन को कार्यक्रम में प्रोटोकॉल का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।

डा. धन सिंह ने बताया कि केंद्रीय मंत्री अमित शाह सुबह 11.20 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। इसके बाद घसियारी कल्याण योजना समेत कई योजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा। अमित शाह पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को भी संबोधित करेंगे। वह प्रदेश भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में हिस्सा लेंगे। इसके बाद वह ऋषिकेश जाएंगे। यहां साधु-संतों से मुलाकात के बाद वह देर शाम दिल्ली रवाना होंगे।

तैयारियों का जायजा लेने पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि मेरी स्वपनिल और महत्वकांक्षी योजना मुख्यमंत्री घसियारी योजना का राज्य के सहकारिता विभाग द्वारा 30 अक्टूबर को मुहूर्त किया जा रहा है। यह योजना पहाड़ की संवेदनाओं से जुड़ी हुई है। अक्सर पर्वतीय क्षेत्रों में घास लेने के लिए महिलाओं और पुरूषों को दूर जंगलों में जाना पड़ता है, जिससे कई बार लोग पेड़ से गिरकर घायल हो जाते हैं या जंगली जानवरों के हमले में अपनी जान तक गंवानी पड़ती है। इस दर्द को दूर करने के लिए यह योजना बनाई गई है। सहकारिता विभाग लगभग आधे दामों पर तीन रुपये प्रति किलो की दर पर पैक्ट, सुरक्षित, प्रकृतिक गुणों से भरपूर और हाईजीनिक हराभरा चारा गांव तक पहुंचाएगा। जिससे दूध उत्पादन भी बढ़ेगा, पशुओं को चारा भी कम खिलाना पड़ेगा और सुविधाजनक तरीके से लोग इसका इस्तेमाल लोग कर सकेंगे। उन्होंने आगे कहा कि पहाड़ों, गांवों में तीन चार घंटे महिलाएं दूर जंगलों में घास काटने में लगाती हैं, इस योजना से महिलाओं का समय बचेगा जिससे महिलाएं उस समय का प्रयोग कर रोजगार से भी जुड़ सकेंगी। त्रिवेंद्र रावत ने राज्य सहकारिता मंत्री और केंद्रीय सहकारिता मंत्री को घसियारी कल्याण योजना के महत्व को समझने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि घसियारी योजना से जीवन स्तर पर परिवर्तन आएगा।

क्या है मुख्यमंत्री घसियारी योजना

घसियारी कल्याण योजना से प्रदेश के पर्वतीय ग्रामीण इलाकों की करीब तीन लाख महिलाओं के कंधे का बोझ कम होगा। इस योजना के तहत महिलायों को पशुओं के चारे के लिए अब दूर जंगलों में नहीं जाना पड़ेगा। इस योजना का लाभ ग्रामीण क्षेत्रों में पशु पालने वाले लोगों को मिलेगा। घसियारी कल्याण योजना के तहत लाभार्थियों को 3 रुपये प्रति किलो के दर से चारा व अन्य पौष्टिक आहार उपलब्ध करवाया जाएगा। सरकार एक ओर जहां मक्के की खेती कराने में सहयोग देगी तो दूसरी ओर उनकी फसलों का क्रय भी करेगी। घसियारी कल्याण योजना का लाभ लेने के लिए राज्य के लाभार्थियों को आवेदन करना होगा। जिसके लिए सरकार द्वारा उत्तराखंड सरकार पोर्टल लांच किया गया है। इस पोर्टल की आधिकारिक वेबसाइट uk.gov.in पर जा कर राज्य के सभी इच्छुक लाभार्थी आवेदन प्रकिया को पूरा कर सकते हैं।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

प्रेशर हॉर्न पर अब सख्ती, दूसरी बार पकड़े जाने पर ₹10 हजार चालान

उत्तराखंड में वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने और उनका अनावश्यक इस्तेमाल करने...