Sunday , 6 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ पौड़ी गढ़वाल योगी आदित्यनाथ के पिता का निधन, कोरोना की जिम्मेदारियों के चलते नहीं जा सके एम्स में देखने
पौड़ी गढ़वालउत्तराखंड न्यूज़

योगी आदित्यनाथ के पिता का निधन, कोरोना की जिम्मेदारियों के चलते नहीं जा सके एम्स में देखने

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का सोमवार सुबह 11 बजे दिल्ली स्थित एम्स में निधन हो गया। कोरोना संकट के बीच अपने फर्ज को पूरा करने में जुटे सीएम योगी पिता को देखने भी नहीं जा सके। दिल्ली में पिता वेंटिलेटर पर थे, पर कोरोना महामारी से प्रदेश को उबारने के मिशन में लगे योगी आदित्यनाथ सोमवार सुबह भी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे।

13 मार्च को लीवर और किडनी संबंधी तकलीफ बढ़ने के बाद योगी आदित्यनाथ के पिता को देश के सबसे बड़े अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तबीयत खराब होने पर 89 वर्षीय आनंद सिंह बिष्ट को एम्स में जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया था।

आनंद सिंह बिष्ट के पार्थिव शरीर को ऋषिकेश के पास यमकेश्वर में उनके गांव ले जाया जाएगा। बताया जा रहा है कि उनका अंतिम संस्कार कल यानी मंगलवार को हरिद्वार में किया जाएगा।

अपने पिता का सम्मान करते योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो)

पिता के निधन पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, ‘पिता के निधन का उन्हें भारी दुख और शोक है। जीवन में ईमानादारी कठोर परिश्रम और निस्वार्थ भाव से लोक मंगल के लिए समर्पित भाव के साथ कार्य करने का संस्कार बचपन में उन्होंने मुझे दिया। अंतिम क्षणों में उनके दर्शन की हार्दिक इच्छा थी लेकिन परंतु वैश्विक महामारी कोरोना के खिलाफ देश की लड़ाई को उत्तर प्रदेश की 23 करोड़ जनता के हित में आगे बढ़ाने के कर्तव्यबोध के कारण मैं न कर सका। कल 21 अप्रैल को अंतिम संस्कार में लॉकडाउन की सफलता तथा महामारी को परास्त करने की रणनीति के कारण भाग नहीं ले पा रहा हूं। पूजनीय मां, पूर्वाश्रम के सभी सदस्यों से अपील है कि लॉकडाउन का पालन करते हुए कम से कम लोग अंतिम संस्कार के कार्यक्रम में रहें। पूजनीय पिताजी की स्मृतियों को कोटि-कोटि नमन करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा हूं। लॉकडाउन के बाद दर्शनार्थ आऊंगा।’

 

आनंद सिंह बिष्ट का रविवार को भी डायलिसिस कराया गया था लेकिन उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही थी। एम्स के गेस्ट्रो विभाग के डॉ. विनीत आहूजा की टीम योगी के पिता का इलाज कर रही थी। इससे पहले 9 फरवरी को डिहाइड्रेशन और बीपी की शिकायत के बाद आनंद सिंह बिष्ट को हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट में भर्ती कराया गया था।

आपको बता दें कि योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह उत्तराखंड के यमकेश्वर के पंचूर गांव में रहते थे। वह उत्तराखंड में फॉरेस्ट रेंजर के पद से 1991 में रिटायर हो गए थे। उसके बाद से ही वह अपने गांव में रह रहे थे।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट के निधन पर शोक जताया है। वह जब एम्स ऋषिकेश में भर्ती थे, तब भी त्रिवेंद्र सिंह उन्हें देखने पहुंचे थे। सीएम त्रिवेंद्र सिंह ने ट्विटर पर लिखा, ‘AIIMS दिल्ली में भर्ती उत्तर प्रदेश के मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के पिताजी श्री आनंद सिंह बिष्ट जी के निधन की खबर सुनकर गहरा दुःख पहुंचा। परमपिता परमेश्वर पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें व शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करें।’

 

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

1 Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles