उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण के समाप्त होने के साथ ही सभी समाचार चैनलों ने अपना एग्जिट पोल जारी कर दिया है। देश के सबसे बड़े सूबे उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई वाली भाजपा के सत्ता में पूर्ण बहुमत के साथ लौटने का अनुमान जताया गया है। अगर ऐसा होता है तो यह भाजपा की ऐतिहासिक जीत होगी और योगी पहले मुख्यमंत्री होंगे जो 1985 के बाद पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेंगे।
टाइम्स नाऊ नवभारत ने यूपी में भाजपा गठबंधन को 225 सीटें मिलने का अनुमान जताया है। अखिलेश यादव की अगुवाई वाली समाजवादी पार्टी गठबंधन के 151 सीटों पर सिमट जाने का अनुमान जताया गया है। इन एग्जिट पोल के अनुसार बसपा को 14 और कांग्रेस को सिर्फ 9 सीटें मिलेंगी।
CNN News18 ने भी अपने एग्जिट पोल में भाजपा सरकार बनने का अनुमान लगाया है। भाजपा गठबंधन को 240 सीटें मिलने की बात कही गई है। समाजवादी पार्टी को 140 सीटें मिलने का अनुमान है। यूपी में बसपा को 17 सीटें मिलेंगी।
रिपब्लिक टीवी-Matrize के एग्जिट पोल में यूपी में भाजपा गठबंधन को 262 से 277 सीटें मिल सकती हैं। सपा गठबंधन को 119-134 सीटें मिलने का अनुमान है। बसपा को 7 से 15 सीटें मिल सकती हैं।
India Today -एक्सिस माय इंडिया, आज तक के एग्जिट पोल में भाजपा को 288 से 326 सीटें मिलने का दावा किया गया है। वहीं सपा को 71 से 101, बसपा को 3-9, कांग्रेस को 1-3 और अन्य दलों को 2-3 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है।
न्यूज 24-टुडेज चाणक्य के एग्जिट पोल के मुताबिक, भाजपा गठबंधन यूपी में 43 प्रतिशत वोटों के साथ 294 सीटें, सपा 35 प्रतिशत वोटों के साथ 105 सीटें, बसपा 13 प्रतिशत वोटों के साथ 2 सीटें, कांग्रेस 1 सीट और अन्य 1 सीट जीतने जा रहे हैं।


Leave a comment