Friday , 4 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ योगी आदित्यनाथ की बदरीनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं को सौगात, 40 कमरों के टूरिस्ट गेस्ट हाउस का शिलान्यास
उत्तराखंड न्यूज़देहरादून

योगी आदित्यनाथ की बदरीनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं को सौगात, 40 कमरों के टूरिस्ट गेस्ट हाउस का शिलान्यास

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भगवान बदरीनाथ के दर्शनों को आने वाले श्रद्धालुओं को एक बड़ी सौगात देते हुए बदरीनाथ धाम में एक पर्यटक आवास गृह का शिलान्यास किया। 40 कमरों की इस इमारत के बन जाने के बाद उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, अन्य राज्यों और विदेशों से आने वाले पर्यटक यहां ठहर सकेंगे।

सीएम योगी के निर्देश पर उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से चमोली जिले के तहसील जोशीमठ में स्थित श्री बदरीनाथ धाम में एक एकड़ भूमि पर 40 कमरों के पर्यटक आवास गृह का निर्माण हो रहा है। इसकी लागत 11 करोड़ से ज्यादा है। इसमें 40 कमरों के साथ रेस्टोरेंट, कांफ्रेंस हाल, डारमेट्री और पार्किंग की सुविधा होगी। इस भवन का निर्माण गढ़वाल (उत्तराखंड) शैली के आर्किटेक्चर और ग्रीन बिल्डिंग के रूप में कराया जाएगा। यह पर्यटक आवास गृह करीब दो साल में बनकर तैयार होगा।

 

इससे पहले, योगी आदित्यनाथ और त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मंगलवार सुबह भगवान बदरी विशाल के दर्शन किए। दोनों प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों ने बदरीनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की और लोगों के कल्याण का आशीष भगवान बदरी विशाल से मांगा। दोनों नेताओं भारत के आखिरी गांव कहे जाने वाले माणा पहुंचे और लोगों से मुलाकात की। इससे पहले दोनों नेताओं ने आईटीबीपी के गेस्ट हाउस में विश्राम किया।

बदरीनाथ के दर्शनों के बाद सीएम त्रिवेंद्र सिंह ने फेसबुक पोस्ट में लिखा, ‘करोड़ों हिंदुओं की आस्था के प्रतीक मोक्षधाम श्रीबदरीनाथ में आज भगवान बदरीविशाल के दर्शन का सौभाग्य मिला। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मा० मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी संग विशेष पूजा अर्चना की। इसके उपरांत सीमांत गांव माणा पहुंचकर वहां के लोगों से मेल-मुलाकात हुई। ‘मुख्यमंत्री सीमांत क्षेत्र विकास योजना’ से किस तरह सीमांत गांवों की तस्वीर संवारी जा रही है, इस बारे में उन्हें अवगत कराया। इस अवसर पर मा० मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा श्रीबदरीनाथ धाम में बनने वाले उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन विश्राम गृह का भी शिलान्यास किया।’

उत्तर प्रदेश सरकार हरिद्वार में भी एक अतिथि गृह का निर्माण करा रही है। सीएम योगी आदित्यनाथ के मुताबिक कुंभ मेले से पहले इसका शुभारंभ हो जाएगा।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

प्रेशर हॉर्न पर अब सख्ती, दूसरी बार पकड़े जाने पर ₹10 हजार चालान

उत्तराखंड में वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने और उनका अनावश्यक इस्तेमाल करने...