Saturday , 5 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ ‘आप’ ने कोरोना टेस्टिंग घोटाले की सीबीआई जांच की मांग की, कर्नल कोठियाल बोले – राजनीतिक संरक्षण के बिना ये स्कैम संभव नहीं
उत्तराखंड न्यूज़देहरादून

‘आप’ ने कोरोना टेस्टिंग घोटाले की सीबीआई जांच की मांग की, कर्नल कोठियाल बोले – राजनीतिक संरक्षण के बिना ये स्कैम संभव नहीं

आम आदमी पार्टी ने हरिद्वार महाकुंभ के दौरान हुए कोरोना टेस्टिंग घोटाले की सीबीआई जांच की मांग की है। आप के वरिष्ठ नेता और सीएम प्रत्याशी कर्नल (रिटा.) अजय कोठियाल ने प्रदेश कार्यालय में एक प्रेस वार्ता के दौरान सरकार से कुंभ कोरोना जांच में सीबीआई जांच की मांग की। कर्नल कोठियाल ने कहा, इस घोटाले में दो अफसरों को सस्पेंड कर सरकार जांच के नाम पर इतिश्री कर रही है जबकि हजारों की जान लेने वाले इस घोटाले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए सीबीआई जांच जरूरी है ।

कर्नल कोठियाल ने कहा कि इतना बड़ा घोटाला बिना राजनीतिक संरक्षण के नहीं हो सकता है, लिहाजा इस मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए ताकि असल गुनाहगारों के चेहरे बेनकाब हो सकें और उन्हें सजा दिलाई जा सके। दो अफसरों का निलंबन करने भर से सरकार अपनी जवाबदेही से नहीं बच सकती। पार्टी ने मांग की कि सरकार बताए कि इस घोटाले के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

 

आप ने आरोप लगाया कि हिंदुओं की आस्था के पवित्र पर्व हरिद्वार महाकुंभ के दौरान तीर्थयात्रियों की कोरोना जांच को लेकर हुआ घोटाला बताता है कि दूसरी लहर के दौरान अपनी नाकामी छिपाने के लिए सरकार ने झूठे आंकड़े दिखा कर लाखों लोगों के जीवन को खतरे में डालने का अपराध किया। उत्तराखंड में कोरोना महामारी की भयावह तस्वीर को छुपाने के लिए लाखों की संख्या में झूठी कोरोना नेगेटिव रिपोर्ट तैयार की गई। ये झूठी रिपोर्टें एक ऐसी फर्म ने तैयार कीं, जिसे कोरोना जांच करने का ठेका किसी और ने नहीं, बल्कि खुद उत्तराखंड सरकार ने दिया था।

कर्नल कोठियाल ने कहा कि लैब के जरिये एक लाख से ज्यादा झूठी कोरोना नेगेटिव रिपोर्ट तैयार की गई, ताकि यह साबित किया जा सके कि उत्तराखंड में कुंभ मेले के दौरान कोरोना का कोई प्रभाव नहीं था। हैरानी की बात ये है कि जिन लोगों की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव दिखाई गई उनमें बड़ी संख्या ऐसे लोगों की थी जो कुंभ के दौरान न तो हरिद्वार आए और न ही उनका कभी कोरोना टेस्ट हुआ।

कर्नल कोठियाल ने कहा कि ये ऐसा पाप है जिसका प्रायश्चित नहीं हो सकता है। ये पाप भाजपा सरकार के माथे पर कलंक की तरह चिपका रहेगा। उन्होंने सीएम धामी से मांग करते हुए कहा कि इस घोटाले की सीबीआई जांच की संस्तुति करें ताकि इस महापाप में शामिल एक-एक अपराधी को सजा दिलाई जा सके। उन्होंने कहा, यदि सीएम धामी भ्रष्टाचार पर कार्रवाई को लेकर गंभीर हैं तो उन्हें तत्काल इस मामले को सीबीआई के हवाले करना चाहिए, यदि वे ऐसा नहीं करते हैं तो इससे साफ हो जाएगा कि वे भी अपने पूर्ववर्तियों की ही तरह इस घोटाले के असल गुनाहगारों के साथ खड़े हैं।

 

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

प्रेशर हॉर्न पर अब सख्ती, दूसरी बार पकड़े जाने पर ₹10 हजार चालान

उत्तराखंड में वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने और उनका अनावश्यक इस्तेमाल करने...