नैनीताल हाईकोर्ट ने मारपीट और सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ करने के आरोप में उत्तरकाशी के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) नीरज कुमार को सस्पेंड कर दिया है। फिलहाल उन्हें बागेश्वर अटैच कर दिया गया है। इस बीच, विकासनगर में सिविल जज के पद पर तैनात मदन राम को उत्तरकाशी का नया सीजेएम नियुक्त किया गया है।
हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल हीरा सिंह बोनाल की ओर से जारी आदेश अनुसार सीजेएम उत्तरकाशी नीरज कुमार ने 29 अक्टूबर की रात 8 बजे से 12 बजे तक घर में परिजनों के साथ मारपीट और गाली गलौच करने के साथ ही जमकर हंगामा किया था। यही नहीं उन्होंने अपनी सरकारी गाड़ी के अलावा कलेक्ट्रेट में एसडीएम डूंडा और तहसीलदार भटवाड़ी के वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था।
इस मामले को नैनीताल हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रवि मलिमठ की बेंच ने गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। बृहस्पतिवार को रजिस्ट्रार जनरल की ओर से सीजेएम को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए गए। साथ ही उन्हें बागेश्वर जिले में अटैच कर दिया है।


Leave a comment