Sunday , 6 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ नयार घाटी बनेगी साहसिक खेलों का ‘आधार’, सीएम रावत ने पहले एडवेंचर फेस्टिवल की शुरुआत की
उत्तराखंड न्यूज़देहरादून

नयार घाटी बनेगी साहसिक खेलों का ‘आधार’, सीएम रावत ने पहले एडवेंचर फेस्टिवल की शुरुआत की

एडवेंचर स्पोर्ट्स यानी साहसिक खेल। देश में अगर रोमांचक खेलों का आनंद लेना है तो उत्तराखंड से बढ़िया जगह शायद ही कहीं हो। टूरिज्म सेक्टर पर कोरोना संक्रमण से पड़ी मार से अब उत्तराखंड बाहर आ रहा है। राज्य सरकार ने धार्मिक टूरिज्म के साथ ही एडवेंचर टूरिज्म पर अपना फोकस बढ़ाया है। यही वजह है कि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत पौड़ी को एडवेंचर टूरिज्म का केंद्र बनाना चाहते हैं और इसकी शुरुआत नयार घाटी से हुई है।

सीएम त्रिवेंद्र ने बिलखेत में नयार घाटी एडवेंचर फेस्टिवल और राष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। अब नयार घाटी में हर साल एडवेंचर फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने नयार घाटी में पैराग्लाइडिंग का प्रशिक्षण केंद्र खोलने की घोषणा की है। इसके लिए उन्होंने जिलाधिकारी पौड़ी को जमीन ढ़ूंढने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 19 से 22 नवम्बर 2020 तक इस फेस्टिवल में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिसमें पैराग्लाइंडिंग, 170 किमी की माउंटेन बाइकिंग ट्रेल रनिंग स्पर्धा एवं एंग्लिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने अनेक राज्यों से आए प्रतियोगियों का देवभूमि उत्तराखंड में स्वागत किया। सीएम त्रिवेंद्र ने कहा कि उत्तराखंड को प्रकृति ने सब कुछ दिया है। आज इन प्राकृतिक संपदाओं का सही तरीके से उपयोग करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ की रिपोर्ट के अनुसार पर्यटन के क्षेत्र में दुनिया में सबसे अधिक संभावनाएं एडवेंचर के क्षेत्र में हैं और यह सेक्टर कई लोगों को रोजगार दे सकता है। उत्तराखंड में साहसिक खेलों के लिए पर्याप्त संभावनाएं हैं। उत्तराखंड में पर्यटन, फिल्म, ग्रामीण क्षेत्रों के विकास एवं स्वास्थ्य सुविधाओं पर राज्य सरकार का विशेष ध्यान है। प्रत्येक जनपद में थीम बेस्ड डेस्टिनेशन विकसित किए जा रहे हैं। पूरे प्रदेशवासियों को अटल आयुष्मान योजना के दायरे में लाने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य है। इसके लिए भारत सरकार की ओर से उत्तराखंड को सम्मानित भी किया गया है।

 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 26.83 करोड़ रूपये की कल्जीखाल विकासखंड पेयजल योजना का लोकार्पण किया। इस योजना से 2,370 पेयजल संयोजन दिए गए हैं। योजना का लाभ 59 राजस्व ग्रामों, 19 ग्राम पंचायतों एवं 68 बस्तियों को मिलेगा। इसका श्रोत नयार नदी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिलखेत में स्कूल का सौंदर्यीकरण किया जायेगा। द्वारीखाल में खेल के मैदान का समतलीकरण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वरोजगार की दिशा में अनेक प्रयास कर रही है। इसके लिए राज्य में सीएम स्वरोजगार योजना शुरू की गई। इसके तहत 150 प्रकार के कार्यों को शामिल किए गए हैं। किसानों को 03 लाख तक का ब्याज मुक्त एवं महिला स्वयं सहायता समूहों को 05 लाख तक का ब्याज मुक्त ऋण दे रही है। सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का सभी को फायदा मिले, इसके लिए सभी जिलाधिकारी ब्लॉक लेबल तक जाकर इन योजनाओं की जानकारी लोगों को देंगे। जिला स्तरीय उच्च अधिकारी ब्लॉक लेबल पर जाकर सरकार की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करेंगे। सीएम हैल्पलाइन नम्बर 1905 पर 65 प्रतिशत लोगों की समस्याओं का समाधान हो रहा है। सीएम डेशबोर्ड की गतिविधियों की लोगों को भी जानकारी रहे, इसके लिए अगले माह सीएम डेशबोर्ड जनता के लिए खोला जाएगा।

इस अवसर पर कृषि मंत्री सुबोध उनियाल, उच्च शिक्षा एवं सहकारिता राज्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सांसद तीरथ सिंह रावत, विधायक मुकेश कोली, जिलाध्यक्ष भाजपा पौड़ी संपत सिंह रावत, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती बीना राणा, जिलाधिकारी पौड़ी धीराज गर्ब्याल, एसएसपी पौड़ी श्रीमती रेणुका देवी मौजूद थीं।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles