उत्तराखंड ने कोरोना महामारी के खिलाफ चल रहे टीकाकरण अभियान में अहम पड़ाव हासिल किया है। उत्तराखंड क बागेश्वर जिले में सभी को कोविड-19 वैक्सीन की पहली डोज लगा दी गई है। इसके अलावा पौड़ी जिले के खिर्सू ब्लॉक में भी 18 साल की आयु से ऊपर के सभी लोगों को कोविड के पहली डोज लग चुकी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीएम आवास में मीडिया से अनौपचारिक बातचीत के दौरान यह जानकारी दी।
बागेश्वर जिले एवं विकास खंड खिर्सू को 18 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के लिए दिया गया लक्ष्य क्रमशः 1,72,210 एवं 29,374 (2011 की जनगणना) है। जिसके सापेक्ष दिनांक 12 अगस्त, 2021 तक जनपद बागेश्वर एवं विकास खंड र्खिसू द्वारा क्रमशः 1,76,776 एवं 37,789 लाभार्थियों (2021 की संभावित जनसंख्या) का प्रथम डोज टीकाकरण किया जा चुका है।

इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री ने विशेषकर चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत की जमकर सराहना की। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि डा. रावत ने स्वास्थ्य मंत्रालय की जिम्मेदारी मिलते ही कोविड वैक्सीनेशन कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए। इसी का नतीजा है कि प्रदेश शतप्रतिशत वैक्सीनेशन की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि डा. रावत ने स्वास्थ्य विभाग में नई जान फूंक दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश में दुनिया का सबसे बड़ा कोविड टीकाकरण अभियान चल रहा है। पीएम मोदी का उत्तराखंड को विशेष सहयोग मिला है। इस महीने अभी तक 17 लाख डोज मिल चुकी हैं। हम दिसंबर अंत तक उत्तराखंड मे शतप्रतिशत वैक्सीनेशन कर दिया जाएगा।

भारत सरकार के मार्ग दर्शन में 16 जनवरी 2021 से सफलता पूर्वक कोविड-19 टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। टीकाकरण अभियान को बढ़ावा देने के लिए लगातार राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। दिनांक 17 अगस्त 2021 के कोविड-19 टीकाकरण कवरेज के अनुसार 45 वर्ष और उससे अधिक के लाभार्थियों के टीकाकरण की प्रथम खुराक 23,26,374 (83% ) एवं द्वितीय खुराक 13,36,923 (48%) तथा 18 से 44 वर्ष के नागरिकों के टीकाकरण की प्रथम खुराक 3027,666 (61%) एवं द्वितीय खुराक 2,11,958 (4%) है।
उत्तराखंड में अब तक कोविड-19 टीकाकरण अभियान के अंतर्गत कुल 74,35,124 खुराक दी जा चुकी हैं। जिसमें प्रथम खुराक 56,61,943 (73%) एवं द्वितीय खुराक 17,73,181 (23%) हैं।

मुख्यमंत्री ने बागेश्वर जिले और विकास खंड र्खिसू को जनपदों से प्राप्त सूचना के आधार पर राज्य में कोविड-19 टीकाकरण शत-प्रतिशत पूर्ण करने वाले पहले जनपद एवं विकास खंड के रूप में प्रमाणित किया गया। उक्त अभियान के लिए बागेश्वर के जिला अधिकारी (विनीत कुमार मीणा), मुख्य चिकित्सा अधिकारी (डा. सुनीता टम्टा), जिला प्रतिरक्षण अधिकारी (डा. प्रमोद सिंह जंगपांगी) एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा पौडी के जिला अधिकारी (डा. के. विजयकुमार जोगडण्डे), मुख्य चिकित्सा अधिकारी (डा. मनोज शर्मा), जिला प्रतिरक्षण अधिकारी (डा. गंभीर सिंह तालियान) एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी गई।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डा. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य में योजनाबद्ध तरीके से कोविड टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। इसमें केंद्र और राज्य सरकारों का सहयोग मिल रहा है। हमने दिसम्बर माह तक शतप्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया है ऐसा करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य है। डा. रावत ने कहा कि बागेश्वर जनपद और खिर्सू ब्लॉक में हमने यह लक्ष्य हासिल कर लिया है।


Leave a comment