उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग में हुए पेपर लीक मामले के बाद आयोग जल्द ही सख्त नकलरोधी कानून लाने के साथ ही परीक्षा पैटर्न में भी बड़ा बदलाव करने जा रहा है। इस संबंध में आयोग जल्द ही दिशा निर्देश जारी करेगा । बता दें कि आयोग अभी जितनी भी भर्तियां करता है, वह केवल एक परीक्षा आधारित होती हैं। जिसमें पहले एक परीक्षा को पास करने वालों का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन होता है। इसके बाद उनकी अंतिम चयन सूची संबंधित विभागों को भेज दी जाती है। लेकिन अब आयोग इस व्यवस्था को खत्म करने जा रहा है।
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के सचिव संतोष बडोनी ने बताया कि अभी तक केवल एक परीक्षा कराते हैं जो कि बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित होती है। लेकिन अब टू-टियर एग्जाम व्यवस्था लागू करने जा रहे हैं। इससे निश्चित तौर पर परीक्षा की पारदर्शिता और अधिक प्रभावी होगी।
ऐसा होगा टू-टियर एग्जाम पैटर्न
अब टू-टियर एग्जाम व्यवस्था लागू होने जा रही है। इसमें किसी भी भर्ती में पहले उम्मीदवारों को प्री परीक्षा पास करनी होगी। उसमें ऑब्जेक्टिव टाइप प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके बाद मुख्य परीक्षा पास करनी होगी। इसके बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन होगा और अंतिम चयन सूची जारी होगी।


Leave a comment