उत्तराखंड में पिछले करीब एक हफ्ते से भारी बारिश, बादल फटने की कई घटनाएं सामने आई हैं। अब भी पहाड़ी राज्य में बारिश हो रही है और अगले 2-3 दिनों तक ज्यादा अलर्ट रहने की जरूरत है। जी हां, मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि 25 और 26 जुलाई को मूसलाधार बारिश हो सकती है।
25 जुलाई को नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और पिथौरागढ़ जिले में भारी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग का यह भी कहना है कि अभी आगे झमाझम बारिश जारी रह सकती है। मौसम विभाग की मानें तो 23 और 24 जुलाई को उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, नैनीताल और देहरादून में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
25 जुलाई से उत्तराखंड में बारिश और तेज होगी। पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश होने के आसार हैं। 25 और 26 जुलाई को देहरादून, टिहरी, पौड़ी और कुमाऊं क्षेत्र में नैनीताल, पिथौरागढ़, चम्पावत और उधम सिंह नगर में भारी बारिश की संभावना है।
उत्तराखंड में भारी बारिश से पहाड़ से टूटकर बोल्डर कई जगह सड़क पर आ गए जिससे यातायात बाधित रहा है। ऐसे में लोगों को कुछ दिन रुककर यात्रा करने की सलाह दी गई है। 30 जुलाई तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला बना रहेगा। ऐसे में भूस्खलन, नदियों के जलस्तर में वृद्धि और सड़क मार्ग अवरुद्ध हो सकते हैं। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने के साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा ना करने की सलाह दी है।




Leave a comment