Friday , 4 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ 2025 तक उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा – सीएम धामी
उत्तराखंड न्यूज़ताज़ा ख़बरदेहरादून

2025 तक उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा – सीएम धामी

हरिद्वार बाईपास रोड़, आईएसबीटी के समीप स्थित एक होटल में आयोजित ‘बिल्डिंग न्यू उत्तराखंड कॉन्क्लेव’ को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में एक ही दल की दो बार सरकार बनाने का मिथक तोड़ते हुए नया इतिहास बना है। हम जनता के साझीदार के रूप में कार्य करते हुए प्रदेश की सीमांत एवं सुदूर क्षेत्रों तक सरकार व शासन की पहुंच बनाने का कार्य कर रहे हैं। जन कल्याणकारी नीतियों एवं जन सुविधाओं का प्रभाव धरातल पर दिखाई दे इसके लिये भी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क के साथ ही बागवानी व औद्योगिक विकास की दिशा में प्रभावी कार्य योजना बनायी गई है। राष्ट्रीय नई शिक्षा नीति प्रदेश में लागू की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार, उत्तराखंड के चहुंमुखी विकास के लिए समर्पित भाव से जुटी है। लोगों को योजनाओं का लाभ मिले और उनकी समस्याओं का समाधान हो, इसके लिए सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि पर खास तौर पर फोकस किया गया है। अब प्रदेश का कोई भी व्यक्ति 1064 पर शिकायत कर भ्रष्टाचार को समाप्त करने मंख योगदान कर सकता है। हमने अपने वादे के अनुसार समान नागरिक संहिता के लिये समिति का गठन कर दिया है। समिति की तीन बैठकें भी हो चुकी हैं।

सीएम धामी ने कहा कि चारधाम सर्किट में आने वाले सभी मंदिरों और गुरुद्वारों में भौतिक ढांचे और परिवहन सुविधाओं के विस्तार की हमारी योजना है। हम कुमाऊं के पौराणिक मंदिरों के लिये मानसखण्ड मंदिर माला मिशन पर भी काम कर रहे हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में रोपवे नेटवर्क निर्माण के लिये पर्वत माला परियोजना पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चारधाम ऑल वेदर सड़क योजना, भारत माला व पर्वतमाला योजनायें तथा हवाई अड्डों का विकास आवागमन को आसान बनाने का कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने कहा श्री केदारपुरी का पुनर्निर्माण प्रधानमंत्री के विजन, नेतृत्व एवं संकल्प का सर्वश्रेष्ठ उदाहरण है। बद्रीनाथ धाम के मास्टर प्लान पर भी काम हो रहा है। 125 किमी लम्बी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है। परियोजना को 2024-25 तक पूरा करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री की अपेक्षा अनुसार 21वी सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का होगा। हम अपने प्रत्येक संकल्प को पूरा करने के लिये प्रतिबद्ध है। हम विश्वास के साथ कह सकते हैं कि हम समृद्ध और आत्मनिर्भर उत्तराखंड का निर्माण करेंगे। उन्होंने कहा हमारी सरकार सभी की सहभागिता से विकास कार्य को आगे बढ़ाएगी। उत्तराखंड वन पर्यावरण प्राकृतिक संसाधनों की भूमि है यहां अपार संभावना है इन संभावनाओं को हम खोज विकास को स्वर्णिम रास्ते पर पहुचाएंगे।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वीडीओ भर्ती की जांच एसटीएफ द्वारा की जा रही है उन्होंने कहा कि जांच में आने वाले प्रत्येक आरोपी को सलाखों के पीछे डाला जाएगा साथ ही आगे ऐसी घटना ना हो इसके लिए कारगर नीति बनाई जाएगी। जांच में बड़े से बड़े व्यक्ति का नाम आने पर भी उसे छोड़ा नहीं जाएगा जिन्होंने छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है उन्हें सलाखों के पीछे डालने का काम हमारी सरकार करेगी। उन्होंने कहा कि ईमानदारी एवं मेहनत से परीक्षा देने वाले छात्रों के साथ न्याय होगा एवं उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। उन्होंने कहा आज उत्तराखंड राज्य का युवा स्वरोजगार स्टार्टअप के माध्यम से अन्य लोगों को भी रोजगार देने का कार्य कर रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

प्रेशर हॉर्न पर अब सख्ती, दूसरी बार पकड़े जाने पर ₹10 हजार चालान

उत्तराखंड में वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने और उनका अनावश्यक इस्तेमाल करने...