कोरोना वायरस से निपटने के लिए देशभर में घोषित लॉकडाउन से उत्तराखंड के लोग कई राज्यों में फंस गए हैं। ट्रेन, प्लेन, बस सब साधन बंद हैं। ऐसे में वे अपनों के पास पहुंच नहीं पा रहे हैं। खाने-पीने की दिक्कत हो रही है। कामकाज ठप हैं और अब ऐसे लोग सरकार से मदद की गुहार लगा रहे हैं। हालांकि सरकारें अपनी तरफ से मदद पहुंचाने की कोशिश कर रही हैं क्योंकि जोर इस बात पर है कि जो लोग जहां हैं, वहीं रहें।
ऐसे हालात में उत्तराखंड के एक युवक ने वीडियो शेयर कर सरकार से मदद मांगी है। वह बंगलुरू में फंसे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर वीडियो में कहा, ‘हैलो दोस्तों, मेरा नाम मुकेश नौटियाल है। लॉकडाउन के चलते उत्तराखंड के कई भाई यहां बंगलुरू में फंसे हुए हैं। उत्तराखंड सरकार से मेरा निवेदन है कि कृपया हमें यहां से निकालने की कोशिश करें।’
25 सेकेंड के अपने वीडियो में मुकेश कहते हैं कि सरकार हमें बचाने के लिए कोई कदम उठाए क्योंकि हमारी वित्तीय स्थिति भी ठीक नहीं है। उत्तराखंड सरकार प्लीज, हमारी मदद के लिए कोई ठोस कदम उठाए। उत्तराखंड के लोग और मुकेश के परिजनों ने वीडियो शेयर कर सरकार से मांग की है कि राज्य के लोगों को सुरक्षित घर पहुंचाने में मदद करें।


Leave a comment