Friday , 4 September 2026
Home हमारी फ़ौज उत्तराखंड में स्थापित होगी बीएसएफ की बटालियन
हमारी फ़ौज

उत्तराखंड में स्थापित होगी बीएसएफ की बटालियन

imageउत्तराखंड में बीएसएफ की एक बटालियन स्थापित होने जा रही है। भारत सरकार इसकी स्वीकृति पहले ही दे चुकी है। डोईवाला ब्लाॅक के बुल्लेवाला गांव में इसके लिए 20 एकड़ भूमि आवंटित की जा चुकी है जबकि लगभग 50 एकड़ जमीन और चिन्हित करते हुए औपचारिकताएं शीघ्र पूरी किए जाने पर सहमति व्यक्त की गई।

सचिवालय में बीएसएफ के अधिकारियों के साथ बैठक में मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने कहा कि चीन व नेपाल की सीमा पर होने से उत्तराखंड सामरिक दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण है। राज्य सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा को देखते हुए हर सम्भव सहयोग करने के लिए तत्पर है। बीएसएफ बटालियन की स्थापना से सुरक्षा को मजबूती मिलने के साथ ही स्थानीय विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि कुमांउ में भी बीएसएफ की एक अन्य बटालियन के लिए केंद्रीय गृह मंत्री से अनुरोध किया जाएगा। अधिकारियों को शासन स्तर पर आवश्यक कार्यवाही जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए। बताया गया कि उत्तराखंड में बीएसएफ की एक बटालियन स्थापित किए जाने की स्वीकृति भारत सरकार द्वारा दी गई थी। इसके लिए डोईवाला ब्लाक के बुल्लेवाला गांव में 20 एकड़ जमीन राज्य सरकार उपलब्ध करा चुकी है। इसी भूमि के समीप ग्राम समाज की 15 एकड़ भूमि उपलब्ध करवा दी जाए तो वहां बीएसएफ के तहत केंद्रीय विद्यालय खोले जाने के लिए कार्यवाही की जा सकती है। बटालियन के ट्रेनिंग सेंटर के लिए दूधली रोड़ पर लगभग 25 एकड़ भूमि जो कि वन भूमि में आती है, और चिन्हित की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वन भूमि के लिए पर्यावरण मंत्रालय को स्वीकृति का प्रस्ताव भेजा जाए। साथ ही स्थानीय ग्रामीणों की सहमति से ग्राम समाज की भूमि बीएसएफ को देने की कार्यवाही की जाए। बीएसएफ के अधिकारियों ने टिहरी में स्थापित होने जा रही एडवेंचर स्पोर्टस एकेडमी में ट्रेनिंग में सहयोग देने का प्रस्ताव भी दिया। मुख्यमंत्री ने भी इस पर अपनी सहमति दी। बैठक में बीएसएफ के डीजी सुभाष जोशी, आईजी अशोक कुमार, प्रमुख सचिव एसएस संधु, सचिव भाष्करानंद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

हिलमेल ब्यूरो

Written by
Y S Bisht

लखनऊ यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन करने के बाद कई टीवी प्रोग्राम के लिए काम किया। एशिया डिफेंस न्यूज़ इंटरनेशनल (अडनी) से जुड़े। यह एजेंसी हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, मणिपुरी और असमिया में अपनी सेवाएं देती है। इसके अलावा एशिया डिफेंस न्यूज के नाम से एक मासिक पत्रिका भी निकालती थी। वर्ष 2013 में जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर हिल-मेल वेबसाइट शुरू की। फरवरी 2016 से हिल-मेल में बतौर संपादक कार्यरत। मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल के निवासी हैं।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles