जानकारी के मुताबिक, यह वारदात शिमला बाईपास रोड स्थित बड़ोवाला के पास ग्रास फार्म क्षेत्र में हुई। घायल युवक की पहचान सत्यम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह उज्जीवन बैंक में काम करता है। घटना के वक्त सत्यम अपनी कजिन के साथ स्कूटी से जा रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उसे निशाना बनाकर गोली चला दी।
फायरिंग में गोली युवक के पेट को छूते हुए निकल गई। इससे वह घायल हो गया। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को घटना की सूचना दी।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पटेल नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का प्रयास है कि फुटेज के आधार पर वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों की पहचान की जा सके।
सीओ सदर अंकित कंडारी के मुताबिक, फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और घायल युवक से भी घटना के संबंध में जानकारी ली जा रही है।
फिलहाल शुरुआती जांच में फायरिंग के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। वारदात के बाद आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
एक अन्य मामले में चार आरोपी गिरफ्तार
देहरादून में इसी बीच रायपुर थाना क्षेत्र के वाणी विहार में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहले हुए विवाद के चलते युवक पर हमला किया था। घटना के बाद चारों आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहे थे।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। एक ही समय में सामने आए फायरिंग और चाकूबाजी के मामलों ने राजधानी की कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता फायरिंग मामले में शामिल बदमाशों तक पहुंचना है। सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और घायल युवक से मिली जानकारी के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।


Leave a comment