हिल-मेल ब्यूरो
मुख्यमंत्री आवास में त्रिवेन्द्र सिंह रावत से नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) के प्रिंसिपल कर्नल अमित बिष्ट ने शिष्टाचार भेंट की। त्रिवेन्द्र सिंह रावत एवं कर्नल अमित बिष्ट के मध्य टिहरी झील व राज्य की अन्य झीलों को रोविंग व अन्य वाटर स्पोर्ट्स, एडवेंचर गेम्स व साहसिक पर्यटन के केंद्र के रूप में विकसित करने में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान की भूमिका पर चर्चा हुई। इसके साथ ही डिजास्टर रेस्क्यू हेलीपैडों के विकास की संभावनाओं पर भी बात की गई।
त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि टिहरी झील विभिन्न साहसिक खेलों व वाटर स्पोर्ट्स का तेजी से उभरता हुआ पर्यटक स्थल है। राज्य सरकार राज्य में पर्यटन गतिविधियों व साहसिक खेलों को प्रोत्साहित करने हेतु निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने आगे कहा कि स्थानीय लोगों को आपदा व राहत कार्यो में प्रशिक्षित किया जाना आवश्यक है। आपदा क्षेत्रों में लोगों को बचाव व राहत की जरूरी बुनियादी जानकारी देकर नुकसान को कम किया जा सकता है। विद्यालय स्तर पर आपदा जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाए। नेहरू पर्वतारोहण संस्थान इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से नेहरू पर्वतारोहण संस्थान को हरसंभव सहायता व सहयोग का आश्वासन दिया।
निम ने पिछले कुछ सालों में उत्तराखंड में बहुत सारे अच्छे कार्योे को अंजाम तक पहुंचाया है। जिसमें केदारनाथ में चल रहा पुनर्निर्माण कार्य भी एक प्रमुख रहा है।


Leave a comment