कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते इस बार भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में आयोजित होने वाली पासिंग आउट परेड सादगी से होगी। तमाम विचार-विमर्श के बाद अकादमी प्रबंधन ने 13 जून को पीओपी आयोजित करने का निर्णय लिया है। बताया जाता है कि इस संदर्भ में पिछले कई दिनों से रक्षा मंत्रालय और सेना मुख्यालय से संवाद स्थापित किया जा रहा था।
जून के दूसरे शनिवार को अकादमी में आयोजित होने वाली पीओपी में भारत सरकार के गृह मंत्रालय और स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा कोविड-19 के संदर्भ में जारी एडवाइजरी का पूरा पालन किया जाए। अकादमी के जनसंपर्क अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल अमित डागर के मुताबिक, पासिंग आउट परेड में कैडेटों के परिजन और अन्य नाते-रिश्तेदार शामिल नहीं होंगे। ऑनलाइन अथवा लाइव विकल्पों के माध्यम से कैडेटों के परिजन पीओपी देख सकेंगे। देश विदेश के गणमान्य लोग और सेना के उच्चाधिकारी भी कम ही संख्या में परेड देखने के लिए आईएमए पहुंचेंगे। पासिंग आउट परेड में शिरकत कर देश-विदेश के लगभग चार सौ कैडेट पास आउट होकर अपने अपने देश की सेना का अभिन्न अंग बनेंगे।
देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी में देश-विदेश के जेंटलमैन कैडेट प्री-मिलिट्री ट्रेनिंग प्राप्त करते हैं। अकादमी से अब तक देश-विदेश की सेनाओं को 62 हजार 139 युवा अफसर मिल चुके हैं। इनमें मित्र देशों को मिले 2413 युवा अफसर भी शामिल हैं। वर्तमान में अकादमी में भारत के अलावा अफगानिस्तान, तजाकिस्तान, मालदीव, भूटान, नेपाल, श्रीलंका, फिजी आदि मित्र देशों के भी सौ से अधिक जेंटलमैन कैडेट सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे।
वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण सैन्य प्रशिक्षण अकादमी होने के वजह से अकादमी में आए दिन वीआईपी मूवमेंट रहता है। हर अंतराल बाद विदेशों के सैन्य अफसर व प्रशिक्षक भी अकादमी पहुंचकर कैडेटों को दिये जाने वाले सैन्य प्रशिक्षण की बारीकियों से रूबरू होते हैं। लेकिन वर्तमान में कोरोना के खौफ से इंडियन मिलिट्री एकेडमी में प्रशिक्षण से तमाम गतिविधियों पर विराम सा लग गया है। वायरस के संभावित खतरे को मद्देनजर रखते हुए अकादमी प्रबंधन ने शुरुआत से ही एहतियात के तौर पर महत्वपूर्ण कदम उठाए हुए हैं। कोरोना संक्रमण को लेकर सोशल डिस्टेंसिंग व अन्य नियमों का पालन करते हुए सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कैडेटों को भी छोटे-छोटे ग्रुप में क्लासेस अटेंड करनी पड़ती हैं। आउटडोर ट्रेनिंग व नाइट एक्सरसाइज पिछले लंबे समय से संचालित नहीं हो पा रही है। ऐसे में अकादमी प्रबंधन ने आगामी जून के दूसरे शनिवार को आयोजित होने वाली पासिंग आउट परेड को भी सादगी से संपन्न करने का निर्णय लिया है।


Leave a comment