उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में सामरिक रूप से अहम और भारत-चीन सीमा को जोड़ने वाली मुनस्यारी-मिलम रोड पर बना पुल सोमवार को टूट गया। यह हादसा उस वक्त हुआ जब भारत-चीन सीमा पर एलएसी (Line of Actual Control) से 65 किमी की दूरी पर स्थित सेनरगाड़ नदी पर बने पुल के ऊपर से एक भारी भरकम पोकलैंड मशीन से लदा ट्राला गुजर रहा था। घटना सोमवार सुबह करीब 9 बजे की है।
बताया जाता है कि यह हादसा ट्राला चालक की लापरवाही के चलते हुए। दरअसल, वहां तैनात बीआरओ यानी सीमा सड़क संगठन के कर्मचारी ने चालक को ऐसा करने से रोका था। ट्राला चालक को बताया गया था कि पुल इतना भार नहीं सह सकेगा। इसके बावजूद वह नहीं माना। ट्राला के पुल के बीच में पहुंचते ही पुल बैठ गया। इस हादसे में ट्राले पर सवार दो लोग घायल हो गए। ट्राला और पोकलैंड को निकालने की कोशिश की जा रही है। पुल टूटने से मुनस्यारी-मिलम तक बन रही सड़क का निर्माण कार्य भी प्रभावित होगा।
मुनस्यारी से मिलम तक के सड़क निर्माण कार्य को अगले वर्ष तक पूरा करने का लक्ष्य है। 80 किलोमीटर लंबी इस सड़क परियोजना में से करीब 55 किलोमीटर तक के काम को पूरा कर लिया गया है। शेष 25 किमी चट्टानों को काटने के लिए बीआरओ ने एबीसीएल कंपनी को ठेका दिया है। कंपनी ने 2021 तक सड़क निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
देखें हादसे का लाइव वीडियो….


Leave a comment