उत्तराखंड के कई जिलों में पिछले कुछ हफ्तों से लगातार बारिश हो रही है। पहाड़ी क्षेत्रों में कई इलाके भूस्खलन के चलते अलग-थलग पड़ गए हैं। अब मौसम विभाग ने अलग-अलग जिलों के साथ राज्य स्तर की चेतावनी भी जारी है। 13 अगस्त के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कहा कि गुरुवार को उत्तराखंड के सभी जिलों के अधिकांश स्थानों में चमक गरज के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। कुछ जिलों में अत्यधिक बारिश के साथ बिजली भी गिर सकती है।
देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर में कहीं तेज और कहीं बहुत तेज बारिश हो सकती है।अगले तीन दिन के लिए भी अलर्ट जारी किया गया है और लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है। 14 अगस्त को भी प्रदेश के सभी जिलों में ज्यादातर जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।
इसी तरह 15 अगस्त के लिए मौसम विभाग का अनुमान है कि उत्तराखंड के अनेक स्थानों में हल्की से मध्यम वर्षा/गर्जन के साथ हो सकती है। 16 अगस्त को भी राज्य के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। सभी जिलों में सावधानी बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से सभी जिलाधिकारियों को भेजे गई सूचना में स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि वे 13-16 अगस्त को खासतौर पर सावधानी बरतें।
13 अगस्त यानी आज उत्तराखंड के पिथौरागढ़, बागेश्वर, चमोली, नैनीताल, उधमसिंह नगर, पौड़ी, टिहरी, देहरादून, हरिद्वार जिले में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। अत्यधिक वर्षा की संभावना के साथ कहीं-कहीं बिजली गिरने की भी संभावना है।
14 अगस्त को भी पिथौरागढ़, बागेश्वर, चमोली, नैनीताल, उधमसिंह नगर, पौड़ी, टिहरी, देहरादून, हरिद्वार जिलों के लिए अलर्ट जारी हुआ है। यहां भारी वर्षा या अत्यधिक वर्षा हो सकती है। प्रदेश में कल भी कहीं-कहीं बिजली गिरने की संभावना है।



