आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ की 85वीं कड़ी प्रसारित की गई। जिसमें उन्होंने उत्तराखंड की सामाजिक कार्यकर्ता और हाल ही में पद्मश्री से सम्मानित बसंती देवी के कार्यों की सराहना की और लोगों को उनसे प्रेरणा लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि बसंती देवी का पूरा जीवन संघर्षों के बीच गुजरा। कम उम्र में ही उनके पति का निधन हो गया और वो एक आश्रम में रहने लगीं। जहां रहकर उन्होंने नदी बचाने के लिए संघर्ष किया और पर्यावरण संरक्षण के लिए अनेक कार्य किये। इसके अलावा उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए भी काम किया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ में बसंती देवी का जिक्र करने पर प्रसन्नता व्यक्त की। मुख्यमंत्री आज विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए जागेश्वर के दौरे पर थे उन्होंने जागेश्वर में प्रधानमंत्री की ‘मन की बात’ सुनी। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा,
ये हमारे पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है और मैं आशा करता हूं कि बसंती देवी जी से प्रेरणा लेकर हम सभी प्रदेशवासी भी जन सरोकारी कार्यों में आगे आकर देवभूमि का नाम बुलंद करेंगे।
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) January 30, 2022
अभी कुछ दिन पहले ही बागेश्वर जिले की लक्ष्मी आश्रम की बसंती देवी को समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ठ कार्य करने के लिए पद्मश्री सम्मान दिये जाने की घोषणा की गई थी। बसंती देवी पर्यावरण संरक्षण के लिए संघर्षरत रही हैं और सूखती कोसी नदी का अस्तित्व बचाने के लिए भी उन्होंने बहुत काम किया है इसके अलावा महिला समूहों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण मुहिम भी चलाई।


Leave a comment