देर रात प्रॉपर्टी के विवाद में मुनि की रेती थाना क्षेत्र अंतर्गत तपोवन में एक रेस्टोरेंट कैफे संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इसकी सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में मौके पर पहंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्कूटी सवार दो हमलावर भी सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं। जिसके बाद पुलिस बदमाशों को पकड़ने के लिए सक्रिय हो गयी है।
ुलिस के अनुसार नोएडा निवासी नितिन देव का तपोवन स्थित डेक्कन वैली में फ्लैट है। देर रात नितिन अपने कैफे से फ्लैट पर वापस आ रहे थे। फ्लैट के नीचे ही दो बदमाशों ने नितिन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। चार गोली लगने से नितिन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूछताछ करने के बाद नितिन के शव को अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया और लोगों से पूछताछ की। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में स्कूटी सवार दो हमलावर दिखाई दिए। उनकी पहचान करने के प्रयास पुलिस कर रही है। वरिष्ठ उप निरीक्षक योगेश पांडे ने बताया कि तपोवन में कैफे संचालक की हत्या कर दी गई है।


Leave a comment