Home उत्तराखंड न्यूज़ उत्तरकाशी केदारताल हादसा: रेस्क्यू अभियान में मिले दो और शव, अब तक चार ट्रेकरों की मौत की पुष्टि, चार की तलाश जारी
उत्तरकाशी

केदारताल हादसा: रेस्क्यू अभियान में मिले दो और शव, अब तक चार ट्रेकरों की मौत की पुष्टि, चार की तलाश जारी

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में केदारताल ट्रेक पर हुए हिमस्खलन हादसे में लापता लोगों की तलाश लगातार जारी है। बुधवार सुबह सर्च एवं रेस्क्यू अभियान के दौरान दो और शव बरामद किए गए। इसके साथ ही हादसे में अब तक चार लापता ट्रेकरों के शव मिल चुके हैं, जबकि चार अन्य लोगों की तलाश जारी है। बरामद शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल उत्तरकाशी लाया जा रहा है। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र, भारी बर्फबारी और खराब मौसम के बीच प्रशासन, एसडीआरएफ और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) की टीमें खोज अभियान में जुटी हुई हैं।

 

बर्फ में दबे टेंट से नीचे मिले शव

केदारताल ट्रेक पर लापता स्थानीय गाइड सिद्धार्थ राणा और सात ट्रेकरों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार को भी रेस्क्यू टीम ने दो ट्रेकरों के शव बरामद किए थे। प्रशासन की ओर से हेलीकॉप्टर के माध्यम से केदारताल क्षेत्र में उतारी गई दस सदस्यीय टीम को ये शव बर्फ में दबे टेंट की लोकेशन से करीब 200 से 250 मीटर नीचे मिले थे। बर्फ में दबे शवों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। उस समय शवों की पहचान नहीं हो सकी थी।

बुधवार को दो और शव मिलने के बाद मृतकों की संख्या चार हो गई है। प्रशासन की टीमें शेष चार लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं।

बर्फ में दबा मिला था टेंट और सामान

रेस्क्यू अभियान के दौरान गंगोत्री नेशनल पार्क और गढ़वाल हिमालय माउंटेनियरिंग एंड ट्रेकिंग एसोसिएशन की नौ सदस्यीय टीम भी पैदल भोजखड़क पहुंची थी। इस टीम को केदारखड़क और भोजखड़क के बीच बर्फ में दबा हुआ टेंट, बैग, कपड़े, चप्पलें और राशन का सामान मिला था। इसके बाद करीब दो से तीन किलोमीटर के दायरे में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन लापता लोगों का पता नहीं चल पाया।

सोमवार को एसडीआरएफ और निम की दस सदस्यीय टीम को हेलीकॉप्टर से घटनास्थल के आसपास उतारा गया था। हालांकि, खराब मौसम और बर्फबारी के कारण अभियान में कई बार बाधा आई। मंगलवार को भी दो शव मिलने के बाद मौसम बिगड़ने पर टीम को बेस कैंप लौटना पड़ा था।

27 अक्टूबर को गंगोत्री से रवाना हुआ था 12 सदस्यीय दल

जानकारी के अनुसार, सोल सीकर ट्रेकिंग एजेंसी का 12 सदस्यीय दल 27 अक्टूबर को गंगोत्री से 26 किलोमीटर लंबे केदारताल ट्रेक के लिए रवाना हुआ था। दल में एक स्थानीय गाइड, सात ट्रेकर और चार सपोर्ट स्टाफ सदस्य शामिल थे। सभी की वापसी 29 अक्टूबर को निर्धारित थी।

जब दल तय समय पर वापस नहीं लौटा तो एजेंसी ने खोजबीन शुरू की। इस दौरान रास्ते में कुक और पोर्टरों सहित चार लोग सुरक्षित मिल गए, लेकिन गाइड सिद्धार्थ राणा और सात ट्रेकर लापता थे। इसके बाद प्रशासन ने हेलीकॉप्टर से तलाशी अभियान शुरू कराया।

कंट्रोल रूम से अभियान पर नजर रख रहे डीएम

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य भी पूरे रेस्क्यू अभियान की लगातार निगरानी कर रहे हैं। बुधवार को उन्होंने स्मार्ट कंट्रोल रूम पहुंचकर अभियान की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को रेस्क्यू टीमों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र, ग्लेशियर, बर्फबारी और विषम मौसम के कारण अभियान में चुनौतियां आ रही हैं। इसके बावजूद सभी टीमें लगातार खोज एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। फिलहाल चार शव बरामद हो चुके हैं और शेष चार लापता लोगों की तलाश जारी है।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

HillMail Magazine – September 2026

HillMail Sep 2026
पत्रिकाओं के सभी अंक देखें

Related Articles

केदारताल ट्रेक हादसा: रेस्क्यू टीम को मिले दो पर्वतारोहियों के शव, छह अब भी लापता

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में केदारताल ट्रेक पर हुए हिमस्खलन के बाद...

केदारताल ट्रैक पर लापता ट्रैकर्स की तलाश तेज, 4000 मीटर की ऊंचाई पर मिला टेंट और बैग, बर्फबारी बनी चुनौती

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में केदारताल ट्रैक पर लापता हुए ट्रैकर्स की...

मुखबा गांव की बेटी श्रुति सेमवाल को मिला ‘Young Woman Scientist Award’, उत्तरकाशी का बढ़ाया मान

उत्तरकाशी जनपद के मुखबा गांव की बेटी श्रुति सेमवाल ने अपनी वैज्ञानिक...