Home एक्सक्लूसिव अंकिता भंडारी के माता-पिता को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया, मां की बिगड़ी तबीयत; अस्पताल में भर्ती
एक्सक्लूसिव

अंकिता भंडारी के माता-पिता को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया, मां की बिगड़ी तबीयत; अस्पताल में भर्ती

अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर न्याय की मांग कर रहे उसके माता-पिता को दिल्ली में पुलिस की कार्रवाई का सामना करना पड़ा। बुधवार को राजघाट स्थित महात्मा गांधी की समाधि के पास धरने पर बैठे अंकिता के माता-पिता को दिल्ली पुलिस अपने साथ ले गई। इस दौरान अंकिता की मां सोनी देवी की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश हो गईं। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए बुराड़ी स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद उत्तराखंड की सियासत में भी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को लेकर केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधा है।

 

जानकारी के अनुसार, अंकिता के माता-पिता राजघाट पर अपनी बेटी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर धरना दे रहे थे। इसी दौरान पुलिस उन्हें वहां से अपने साथ ले गई। सामाजिक कार्यकर्ता और एनजीओ संचालिका योगिता भयाना ने सोशल मीडिया पर घटना से जुड़ी जानकारी साझा करते हुए दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि पुलिस अंकिता के माता-पिता को काफी देर तक इधर-उधर घुमाती रही। इसी दौरान सोनी देवी की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा।

गणेश गोदियाल ने सरकार पर साधा निशाना

उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने घटना पर नाराजगी जताते हुए वीडियो जारी किया। उन्होंने कहा कि अंकिता के माता-पिता को इंडिया गेट के पास से दिल्ली पुलिस जबरन अपने साथ ले गई और करीब दो घंटे तक इधर-उधर घुमाती रही। बाद में मां की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।

गोदियाल ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उत्तराखंड दौरे से ठीक पहले अंकिता के माता-पिता को इस तरह परेशान करना, डराना और धमकाना अनुचित है। उन्होंने कहा कि अंकिता के माता-पिता शांतिप्रिय लोग हैं और उनसे किसी को कोई खतरा नहीं है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मांग की कि उन्हें तत्काल रिहा किया जाए और उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए।

हरक सिंह रावत ने भी उठाए सवाल

कांग्रेस नेता और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने भी इस मामले पर भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि अंकिता के माता-पिता जब भी इंडिया गेट की तरफ जाते हैं, उन्हें पुलिस की कार्रवाई का सामना करना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार इस मामले को लेकर असहज है और इसी वजह से पीड़ित परिवार को परेशान किया जा रहा है।

हरक सिंह रावत ने दिल्ली में रहने वाले उत्तराखंड के प्रवासियों से अंकिता के माता-पिता की मदद के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में परिवार को सहयोग और न्याय की लड़ाई में साथ देने की जरूरत है।

क्या है अंकिता भंडारी हत्याकांड?

पौड़ी गढ़वाल के श्रीकोट डोभ गांव की रहने वाली अंकिता भंडारी ऋषिकेश के पास यमकेश्वर ब्लॉक के गंगा भोगपुर स्थित वनंत्रा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के पद पर काम करती थी। 18 सितंबर 2022 को वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। इसके छह दिन बाद 24 सितंबर को उसका शव चीला बैराज क्षेत्र की नहर से बरामद हुआ था।

इस मामले में रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य और उसके दो सहयोगियों अंकित गुप्ता तथा सौरभ भास्कर को दोषी ठहराया गया। 30 मई 2025 को अदालत ने तीनों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। मामले से जुड़े कथित वीआईपी एंगल और अन्य सवालों को लेकर सीबीआई जांच भी चल रही है।

अंकिता के माता-पिता लगातार अपनी बेटी को न्याय दिलाने और मामले से जुड़े सभी सवालों का निष्पक्ष जवाब सामने लाने की मांग कर रहे हैं। दिल्ली में हुई इस घटना के बाद एक बार फिर अंकिता हत्याकांड को लेकर उत्तराखंड में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

HillMail Magazine – September 2026

HillMail Sep 2026
पत्रिकाओं के सभी अंक देखें

Related Articles

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का उत्तराखंड दौरा स्थगित, केदारनाथ दर्शन का कार्यक्रम टला

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का एक नवंबर से प्रस्तावित दो दिवसीय उत्तराखंड दौरा...

बदरीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर चाई गांव के पास हादसे का शिकार, छह लोग थे सवार

उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार, 30 अक्टूबर को खराब मौसम के...

उत्तराखंड: निर्दलीय विधायक उमेश कुमार कल देंगे इस्तीफा, किसानों के मुद्दों पर विपक्ष को घेरा

उत्तराखंड विधानसभा के दो दिवसीय सत्र के बीच हरिद्वार जिले की खानपुर...

उत्तराखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, आठ पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी के आसार

उत्तराखंड में मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों...