इस वर्ष 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले गए थे। कपाट खुलने के पहले ही दिन 25 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंचे थे। शुरुआती दौर में यात्रा ने तेजी पकड़ी और करीब डेढ़ महीने तक प्रतिदिन औसतन 20 से 25 हजार श्रद्धालु धाम पहुंचते रहे। हालांकि, बरसात के दौरान प्राकृतिक आपदाओं और खराब मौसम के चलते कई बार यात्रा प्रभावित हुई और कुछ दिनों तक स्थगित भी करनी पड़ी। इसके बावजूद अक्टूबर में एक बार फिर श्रद्धालुओं की संख्या में तेजी देखने को मिली। इस दौरान प्रतिदिन करीब आठ हजार श्रद्धालु केदारनाथ पहुंचे।
चार वर्षों में यात्रियों की संख्या
केदारनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती रही है। वर्ष 2023 में 19,57,850, वर्ष 2024 में 16,52,076 और वर्ष 2025 में 17,68,795 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे। वहीं, वर्ष 2026 में अब तक यह आंकड़ा 19,22,138 तक पहुंच गया है। इस तरह इस वर्ष पिछले साल के मुकाबले करीब डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए।
घोड़ा-खच्चर व्यवसाय से एक अरब से अधिक का कारोबार
यात्रा के दौरान घोड़ा-खच्चर संचालकों की भी अच्छी कमाई हुई। इस वर्ष करीब आठ हजार घोड़े-खच्चरों का पंजीकरण कर लाइसेंस जारी किए गए थे। इनके माध्यम से चार लाख से अधिक श्रद्धालु केदारनाथ पहुंचे। इस व्यवसाय से करीब 100 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ।
डंडी-कंडी और पालकी से 46.32 करोड़ की कमाई
पैदल यात्रा करने में असमर्थ श्रद्धालुओं के लिए डंडी-कंडी और पालकी सेवा भी महत्वपूर्ण रही। इस वर्ष नौ हजार से अधिक डंडी-कंडी का पंजीकरण किया गया। इनके माध्यम से 34 हजार श्रद्धालुओं ने कंडी और 40 हजार श्रद्धालुओं ने डंडी व पालकी से यात्रा की। इससे करीब 46.32 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। वहीं, जिला पंचायत को विभिन्न शुल्कों के माध्यम से 3.44 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई।
हेली और शटल सेवा से भी करोड़ों की कमाई
इस वर्ष आठ स्थानों से केदारनाथ के लिए हेलीकॉप्टर सेवाओं का संचालन हुआ। गुप्तकाशी, फाटा और शेरसी से संचालित सेवाओं के माध्यम से एक लाख 25 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इससे करीब 100 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। वहीं, सोनप्रयाग से गौरीकुंड के बीच संचालित शटल सेवा से लगभग 15 करोड़ रुपये की आय हुई। इसके लिए 200 से अधिक वाहनों का पंजीकरण किया गया था।
स्थानीय होटल व्यवसायियों, दुकानदारों, परिवहन संचालकों और अन्य छोटे कारोबारियों को भी यात्रा से अच्छा लाभ मिला। बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के अनुसार, इस वर्ष रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंचे। आने वाले वर्षों में केदारनाथ यात्रा को और अधिक दिव्य एवं भव्य बनाने के प्रयास किए जाएंगे।




Leave a comment