Home पर्यटन केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट हुए बंद, केदारनाथ में 19.13 लाख श्रद्धालुओं ने किए रिकॉर्ड दर्शन
पर्यटन

केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट हुए बंद, केदारनाथ में 19.13 लाख श्रद्धालुओं ने किए रिकॉर्ड दर्शन

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा 2026 अब अपने समापन की ओर बढ़ रही है। बुधवार, 11 नवंबर को भाई दूज के पावन अवसर पर विश्वप्रसिद्ध केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसके साथ ही दोनों धामों में छह माह की शीतकालीन अवधि शुरू हो गई है। इस वर्ष केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या ने नया रिकॉर्ड बनाया है। यहां अब तक 19,13,815 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए हैं।

 

ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ के कपाट बुधवार सुबह 8:30 बजे धार्मिक परंपराओं के अनुसार बंद किए गए। कपाट बंद होने के अवसर पर सुबह से ही मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। समाधि पूजा के बाद बाबा केदार के गर्भगृह और मुख्य मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम में मौजूद रहे। बाबा के जयकारों और भारतीय सेना के बैंड की मधुर धुनों से केदारपुरी का वातावरण भक्तिमय हो उठा।

कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए रवाना हो गई। डोली का पहला रात्रि प्रवास रामपुर में होगा। इसके बाद निर्धारित पड़ावों से होते हुए डोली ऊखीमठ पहुंचेगी। अगले छह माह तक बाबा केदार की शीतकालीन पूजा-अर्चना ओंकारेश्वर मंदिर में होगी। श्रद्धालु अब यहीं भगवान केदारनाथ के दर्शन कर सकेंगे।

वहीं, यमुनोत्री धाम के कपाट भी बुधवार सुबह 10:28 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के बाद मां यमुना की उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए खरसाली गांव रवाना हुई। शीतकाल के दौरान खरसाली स्थित मां यमुना के प्राचीन मंदिर में नियमित पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। श्रद्धालु यहां मां यमुना के दर्शन कर सकेंगे।

केदारनाथ में रिकॉर्ड 19 लाख से अधिक श्रद्धालु

वर्ष 2026 की चारधाम यात्रा में इस बार श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में दर्शन किए। केदारनाथ धाम में 19,13,815 श्रद्धालु पहुंचे, जबकि यमुनोत्री धाम में 8,84,289 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। अब तक चारधाम यात्रा में कुल 64,41,008 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।

इससे पहले 10 नवंबर को गंगोत्री धाम के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद हो चुके हैं। अब चारधाम यात्रा के प्रमुख पड़ावों में केवल बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होना बाकी है। भगवान बदरी विशाल के कपाट 16 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। इसके साथ ही वर्ष 2026 की चारधाम यात्रा का समापन हो जाएगा।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

15 नवंबर से खुलेगा राजाजी टाइगर रिजर्व, पर्यटक उठा सकेंगे जंगल सफारी का आनंद

उत्तराखंड में जंगल सफारी और वन्यजीवों को करीब से देखने के शौकीनों...

केदारनाथ यात्रा ने बनाया नया रिकॉर्ड, 19.22 लाख श्रद्धालुओं ने किए बाबा के दर्शन; कारोबार 250 करोड़ पार

उत्तराखंड के विश्वप्रसिद्ध केदारनाथ धाम में इस वर्ष आस्था का ऐसा सैलाब...

शीतकाल के लिए बंद हुए तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ के कपाट, आठ कुंतल फूलों से सजाया गया मंदिर

पंचकेदारों में तृतीय केदार के रूप में पूजे जाने वाले भगवान तुंगनाथ...

त्रियुगीनारायण मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, अब तक 3.58 लाख से अधिक ने किए दर्शन

भगवान शिव और माता पार्वती के दिव्य विवाह स्थल के रूप में...