Home उत्तराखंड न्यूज़ लखनऊ में उत्तराखंड महोत्सव में शामिल हुए सीएम धामी, प्रवासियों से अपनी संस्कृति और जड़ों से जुड़े रहने का किया आह्वान
उत्तराखंड न्यूज़

लखनऊ में उत्तराखंड महोत्सव में शामिल हुए सीएम धामी, प्रवासियों से अपनी संस्कृति और जड़ों से जुड़े रहने का किया आह्वान

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को लखनऊ स्थित पंडित गोविंद बल्लभ पंत सांस्कृतिक उपवन में उत्तराखंड महापरिषद की ओर से आयोजित उत्तराखंड महोत्सव 2026 में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश में रह रहे प्रवासी उत्तराखंडियों से अपनी संस्कृति, परंपराओं, लोकभाषा और मातृभूमि से जुड़े रहने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं में निहित है। अपनी जड़ों से जुड़े रहना भावी पीढ़ियों को अपनी पहचान और विरासत से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश का रिश्ता सहोदर भाइयों जैसा है। दोनों राज्यों के बीच सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और भावनात्मक संबंध हैं तथा एक राज्य की प्रगति दूसरे राज्य के विकास से भी जुड़ी हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे प्रदेश की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देगा। उन्होंने इसे हरिद्वार तक जोड़ने का अनुरोध भी किया, जिससे उत्तराखंड को पर्यटन, व्यापार और आवागमन में लाभ मिल सके।

धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार प्रवासी सम्मेलन के माध्यम से देश-विदेश में रह रहे उत्तराखंडियों के अनुभव, ज्ञान, कौशल और निवेश का लाभ राज्य के विकास में लेने का प्रयास कर रही है। उन्होंने प्रवासियों से अपने गांवों, स्थानीय उत्पादों और पर्यटन स्थलों के विकास में योगदान देने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में संचालित विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केदारनाथ पुनर्निर्माण, बदरीनाथ मास्टर प्लान, दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और रोपवे परियोजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है। इनसे प्रदेश में कनेक्टिविटी, पर्यटन और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जबकि हेमकुंड साहिब में करीब 3.90 लाख श्रद्धालु पहुंचे। सरकार शीतकालीन यात्रा, इको टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म और होमस्टे को बढ़ावा देकर पर्यटन गतिविधियों को सालभर संचालित करने की दिशा में काम कर रही है।

धामी ने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता, सख्त भू-कानून और नकल विरोधी कानून लागू कर प्रदेश के हितों तथा युवाओं के भविष्य की रक्षा की गई है। भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बढ़ी है और हजारों युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां मिली हैं। महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण सहित विभिन्न योजनाओं से सशक्त बनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प में उत्तराखंड महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में प्रवासी उत्तराखंडी मौजूद रहे।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

HillMail Magazine – September 2026

HillMail Sep 2026
पत्रिकाओं के सभी अंक देखें

Related Articles

युवाओं को रोजगार नहीं दिला पाने की टीस, PCS अधिकारी उत्तम कुमार ने 22 साल की सेवा के बाद लिया VRS

उत्तराखंड में एक वरिष्ठ PCS अधिकारी के स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) लेने का...