Home उत्तराखंड न्यूज़ ऊधम सिंह नगर पंतनगर विश्वविद्यालय के 67वें स्थापना सप्ताह का भव्य शुभारंभ, राज्यपाल ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित
ऊधम सिंह नगर

पंतनगर विश्वविद्यालय के 67वें स्थापना सप्ताह का भव्य शुभारंभ, राज्यपाल ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के 67वें स्थापना सप्ताह का शुभारंभ बुधवार को भव्य एवं गरिमामय समारोह के साथ हुआ। कार्यक्रम में उत्तराखंड के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विश्वविद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को विभिन्न पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह में नैनीताल सांसद अजय भट्ट, कुलपति डॉ. शिवेन्द्र कुमार कश्यप सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, वैज्ञानिक, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत में राज्यपाल और सांसद ने विश्वविद्यालय की विभिन्न अनुसंधान इकाइयों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने एकीकृत कृषि प्रणाली, मक्का की उन्नत चारा किस्म, मत्स्य बीज हैचरी, शैक्षिक डेयरी फार्म और कुक्कुट फार्म का अवलोकन किया। अधिकारियों ने उन्हें विश्वविद्यालय में चल रहे अनुसंधान और तकनीकी नवाचारों की जानकारी दी। इसके बाद गांधी मैदान में लगी प्रदर्शनी का भी निरीक्षण किया गया।

गांधी हॉल में आयोजित मुख्य समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और विश्वविद्यालय गीत के साथ हुआ। अपने संबोधन में राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने विश्वविद्यालय परिवार को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय ने वैज्ञानिक अनुसंधान और किसानों के परिश्रम के समन्वय से देश की हरित क्रांति तथा खाद्यान्न आत्मनिर्भरता में ऐतिहासिक योगदान दिया है। क्यूएस एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में विश्वविद्यालय की उपलब्धि को उन्होंने शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रमाण बताया।

राज्यपाल ने कहा कि बदलते समय में कृषि क्षेत्र को कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ड्रोन, रोबोटिक्स और सटीक कृषि जैसी आधुनिक तकनीकों से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने उत्तराखंड की पर्वतीय कृषि में मंडुवा, झंगोरा, चौलाई, राजमा, औषधीय पौधों, बागवानी, मधुमक्खी पालन और मत्स्य पालन की संभावनाओं पर विशेष अनुसंधान करने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नौकरी तलाशने के बजाय कृषि आधारित स्टार्टअप और उद्यमिता के माध्यम से रोजगार सृजन के लिए प्रेरित किया।

सांसद अजय भट्ट ने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय ने देश की कृषि व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों की सराहना करते हुए परिसर में आधारभूत सुविधाओं के विकास तथा विद्यार्थियों के लिए बड़े सभागार की आवश्यकता पर सहयोग का आश्वासन दिया।

कुलपति डॉ. शिवेन्द्र कुमार कश्यप ने कहा कि विश्वविद्यालय की स्थापना देश को खाद्यान्न के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से की गई थी। उन्होंने क्यूएस एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में कृषि विश्वविद्यालयों की श्रेणी में प्रथम स्थान मिलने को पूरे विश्वविद्यालय परिवार की सामूहिक उपलब्धि बताया।

समारोह में पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान तथा मत्स्य विज्ञान महाविद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कुलपति की पुस्तक ‘राइजिंग पंतनगर’ का विमोचन भी हुआ। साथ ही विश्वविद्यालय की 10 प्रमुख इकाइयों की उपलब्धियों पर आधारित 10 ब्रोशर जारी किए गए। जैव अभिकर्ताओं के व्यावसायीकरण को बढ़ावा देने के लिए क्रिस्टल कॉर्पोरेशन और नेचर ऑर्गेनिक्स के साथ हुए समझौतों का भी उल्लेख किया गया। कुलसचिव डॉ. दीपा विनय ने स्वागत और अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. विपिन चन्द्र ध्यानी ने आभार व्यक्त किया।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

HillMail Magazine – September 2026

HillMail Sep 2026
पत्रिकाओं के सभी अंक देखें

Related Articles

बाजपुर में भीषण ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान, सीएम धामी ने किया हवाई सर्वेक्षण

उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर...

पुरस्कार वितरण के साथ सम्पन्न हुआ 120वां अखिल भारतीय किसान मेला

पंतनगर विश्वविद्यालय में आयोजित चार दिवसीय 120वें अखिल भारतीय किसान मेले का...

किसान मेले में कृषि नवाचारों से रूबरू हुए बंशीधर भगत

गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर में आयोजित 120वें अखिल...

पंतनगर में 120वें अखिल भारतीय किसान मेले का शुभारंभ, तकनीक और नवाचार पर जोर

गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर में 120वें अखिल भारतीय...