सावित्री देवी पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर क्षेत्र के पंचूर गांव स्थित अपने पैतृक आवास पर रह रही थीं। वह पिछले कुछ समय से उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं।
मां के निधन के समय गोरखपुर में सरकारी कार्यक्रम में थे सीएम
इस खबर का सबसे भावुक पहलू यह है कि जिस समय सावित्री देवी का निधन हुआ, उस समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में सरकारी कार्यक्रम में व्यस्त थे।
मुख्यमंत्री युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रम में शामिल थे। इस कार्यक्रम में युवाओं को टैबलेट वितरित किए जा रहे थे।
मां के निधन की सूचना के बाद भी नहीं रुके सीएम योगी के जनकल्याणकारी कार्य, प्रदेश सेवा में तत्पर रहे। योगी आदित्यनाथ व्यक्तिगत पीड़ा के बीच भी प्रदेश के प्रति दायित्व निभाते रहे।
कल होगा अंतिम संस्कार
सावित्री देवी का पार्थिव शरीर शनिवार, 21 नवंबर को हरिद्वार या ऋषिकेश लाया जा सकता है, जहां उनका अंतिम संस्कार किए जाने की संभावना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए उत्तराखंड पहुंचने की संभावना है।
20 अप्रैल 2020 को योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का दिल्ली स्थित एम्स में निधन हुआ था, वह 89 वर्ष के थे। उस समय कोरोना महामारी के कारण देशभर में लॉकडाउन लागू था। उस समय भी योगी आदित्यनाथ अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाये थे।
पिता के निधन की सूचना मिलने के बाद योगी आदित्यनाथ ने भावुक संदेश जारी किया था। उन्होंने कहा था कि अंतिम समय में पिता के दर्शन करने की उनकी हार्दिक इच्छा थी, लेकिन उत्तर प्रदेश की 23 करोड़ जनता को कोरोना महामारी से बचाने की जिम्मेदारी के कारण वह ऐसा नहीं कर सके।
उन्होंने अपने पिता से मिले संस्कारों को याद करते हुए कहा था कि ईमानदारी, कठोर परिश्रम और लोककल्याण के लिए निस्वार्थ भाव से काम करने की सीख उन्हें बचपन में अपने पिता से मिली थी।
निधन की खबर पर राजनीतिक जगत में शोक
सावित्री देवी के निधन की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने सावित्री देवी के निधन को अत्यंत दुखद बताते हुए योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की तथा दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।






Leave a comment