Friday , 4 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ अहम करार, पहाड़ों पर होम स्टे के लिए बढ़ेंगे पर्यटक
उत्तराखंड न्यूज़देहरादूनपर्यटन समाचार

अहम करार, पहाड़ों पर होम स्टे के लिए बढ़ेंगे पर्यटक

उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद और मेक माई ट्रिप के बीच बुधवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर ने कहा कि मेक माई ट्रिप एक प्रमुख व्यावसायिक प्लेटफार्म है, जिस पर उत्तराखंड के अल्पज्ञात गन्तव्यों पर स्थित होम-स्टे को प्रदर्शित किए जाने से होम-स्टे व्यावसायियों को अधिक बुकिंग मिलेगी। इससे अधिक व्यवसाय प्राप्त होगा, स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और पलायन रोकने में मदद मिलेगी।

इस एमओयू का उद्देश्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को होम-स्टे आवासों से जोड़ते हुए उत्तराखंड के नैसर्गिक सौन्दर्य, समृद्ध संस्कृति एवं उत्कृष्ट आतिथ्य भाव से परिचित करवाना है। जावलकर ने कहा कि यह एमओयू न केवल ग्रामीण पर्यटन एवं अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा बल्कि इससे राज्य के होम-स्टे को डिजिटल पटल पर नई पहचान मिलेगी। वर्तमान में उत्तराखंड में लगभग 2000 होम स्टे स्थापित किए जा चुके हैं।

एमओयू पर उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद की ओर से संयुक्त निदेशक विवेक सिंह चौहान और मेक माई ट्रिप की तरफ से उपाध्यक्ष रवि प्रकाश द्वारा हस्ताक्षर किए गए। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद एवं मेक माई ट्रिप के बीच एमओयू के मुख्य बिन्दु इस प्रकार हैं:

प्रचार-प्रसार

  • मेक माई ट्रिप की वेबसाइट पर लगभग 12 लाख पर्यटकों तक उत्तराखंड के होम-स्टे की पहुंच हो सकेगी।
  • मेक माई ट्रिप की वेबसाइट पर रजिस्टर्ड होम-स्टे प्रदर्शित किए जाएंगे और होम-स्टे में उपलब्ध सुविधाओं को भी बताया जाएगा।
  • मेक माई ट्रिप के इंस्टाग्राम, ट्विटर आदि के माध्यम से होम-स्टे का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
  • डिजिटल मार्केटिंग के माध्यम से होम-स्टे स्वामियों को घर बैठे बुकिंग मिल सकेगी और इस पर प्रथम तीन वर्षों के लिए कमीशन न्यूनतम रखा जाएगा।

क्षमता विकास

  • मेक माई ट्रिप द्वारा होम स्टे स्वामियों को हॉस्पिटेलिटी प्रशिक्षण, व्यावसायिक प्रशिक्षण, रजिस्ट्रेशन कैसे करें, का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
  • इसके साथ ही मेक माई ट्रिप द्वारा होम स्टे स्वामियों को इन्वेन्टरी एवं रेट का निर्धारण, ऑनलाइन रिव्यू एवं रेटिंग के प्रबन्धन तथा पर्यावरण संरक्षण का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर ने बताया कि किसी अन्य प्रतिष्ठित वेब प्लेटफार्मों से भी भविष्य में इस प्रकार का एमओयू हस्ताक्षर किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि होम स्टे स्वामी इन पोर्टल्स पर रजिस्टर करने के लिए स्वतंत्र रहेंगे और वह जब चाहें तब इनसे अपनी इन्वेंट्री को वेबसाइट से हटा सकेंगे।

Written by
Y S Bisht

लखनऊ यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन करने के बाद कई टीवी प्रोग्राम के लिए काम किया। एशिया डिफेंस न्यूज़ इंटरनेशनल (अडनी) से जुड़े। यह एजेंसी हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, मणिपुरी और असमिया में अपनी सेवाएं देती है। इसके अलावा एशिया डिफेंस न्यूज के नाम से एक मासिक पत्रिका भी निकालती थी। वर्ष 2013 में जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर हिल-मेल वेबसाइट शुरू की। फरवरी 2016 से हिल-मेल में बतौर संपादक कार्यरत। मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल के निवासी हैं।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

प्रेशर हॉर्न पर अब सख्ती, दूसरी बार पकड़े जाने पर ₹10 हजार चालान

उत्तराखंड में वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने और उनका अनावश्यक इस्तेमाल करने...