Sunday , 6 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ महाशिवरात्रि पर रात से ही गूंज रहे उत्तराखंड के शिवालय, मंदिरों में भारी भीड़
उत्तराखंड न्यूज़

महाशिवरात्रि पर रात से ही गूंज रहे उत्तराखंड के शिवालय, मंदिरों में भारी भीड़

हिल मेल ब्यूरो, देहरादून

महाशिवरात्रि पर आज उत्तराखंड के शिवालय भोर से ही बम-बम भोले, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज रहे हैं। मंदिरों में कतार में लगकर लोग भोलेनाथ का जलाभिषेक और पूजा-पाठ कर रहे हैं। देहरादून के टपकेश्वर महादेव में तो रात में ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। सुबह होने तक भीड़ बढ़ती गई। गाजियाबाद के सांसद और केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह ने भी देहरादून स्थित टपकेश्वर महादेव धाम पहुंचकर भोलेनाथ की आराधना की और जलाभिषेक किया।

 

महादेव को प्रसन्न करने के लिए उनके भक्त दूध, दही, घी, शहद और गंगाजल से अभिषेक कर रहे हैं। वहीं, पापों से मुक्ति के लिए लोग तीन पत्तों वाला बेल पत्र (जो कटा-फटा न हो) को शिवलिंग पर अर्पित कर रहे हैं। महाशिवरात्रि के त्योहार के लिए शिव मंदिरों को भी भव्य तरीके से सजाया गया है। उत्तराखंड के कई मंदिरों में भगवान शंकर के रूप को रंगोली में उकेरा गया है।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर देशवासियों को महाशिवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने लिखा, ‘बाबा भोलेनाथ के आशीर्वाद से सभी देशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सौभाग्य आए। ऊँ नम: शिवाय!’ प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उत्तराखंड के लोगों को महाशिवरात्रि पर्व पर शुभकामनाएं दी हैं।

 

पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में भी आधी रात से ही पूजा-पाठ का दौर जारी है। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शुरू हुआ भोलेनाथ का अभिषेक दोपहर बाद तक चलता रहा। यहां मंदिर परिसर में एक दो नहीं 3100 दीपों की रंगोली बनाई गई। अर्धनारीश्वर की विशाल रंगोली भी बनाई गई।

हरिद्वार में शिवभक्त गंगा में डुबकी लगाने के बाद मंदिरों में पूजा-पाठ करने पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर शिव आराधना और भक्ति गीतों से गूंज रहे हैं। प्रशासन की तरफ से श्रद्धालुओं के आने-जाने की अलग व्यवस्था की गई है। पुलिस प्रशासन भी काफी चौंकन्ना है। हरिद्वार के दक्ष प्रजापति, नीलेश्वर, गौरी शंकर समेत अन्य प्रसिद्ध मंदिरों में जलाभिषेक का दौर जारी है।

Written by
Y S Bisht

लखनऊ यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन करने के बाद कई टीवी प्रोग्राम के लिए काम किया। एशिया डिफेंस न्यूज़ इंटरनेशनल (अडनी) से जुड़े। यह एजेंसी हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, मणिपुरी और असमिया में अपनी सेवाएं देती है। इसके अलावा एशिया डिफेंस न्यूज के नाम से एक मासिक पत्रिका भी निकालती थी। वर्ष 2013 में जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर हिल-मेल वेबसाइट शुरू की। फरवरी 2016 से हिल-मेल में बतौर संपादक कार्यरत। मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल के निवासी हैं।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles