Monday , 7 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ निम के कार्यक्रम से पर्वतारोहियों के लिए सीएम त्रिवेंद्र का बड़ा ऐलान
उत्तराखंड न्यूज़

निम के कार्यक्रम से पर्वतारोहियों के लिए सीएम त्रिवेंद्र का बड़ा ऐलान

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सोमवार को उत्तरकाशी में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान यानी निम की माउंटेनियरिंग समिट का शुभारंभ किया। यहां मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड आने वाले पर्वतारोहियों के लिए एक बड़ा ऐलान किया।
उन्होंने कहा, राज्य सरकार ने फैसला किया है कि पर्वतारोहण के लिए जो शुल्क लिया जाता है, उसमें रियायत दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह शुल्क महज पंजीकरण के तौर पर रहेगा, जिससे सरकार के पास पर्वतारोहण और ट्रैकिंग करने वालों की जानकारी हो। इससे अगर कभी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव अभियान चलाने की जरूरत होगी, तो सरकार के पास पर्यटकों का सही आंकड़ा होगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उत्तराखंड में जल्द ही एडवेंचर विभाग अस्तित्व में आने जा रहा है। इसी के साथ मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी जिले के स्थापना दिवस पर यहां 140 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया।
ट्रैकिंग प्रेमियों को दी खुशखबरी
मुख्यमंत्री ने ट्रैकिंग प्रेमियों को खुशखबरी देते हुए कहा कि उत्तरकाशी जिले में ट्रैकों को ऑनलाइन कराने, कुछ ट्रैकों में विदेशी पर्यटकों को अनुमति देने, पर्वतारोहण का शुल्क कम करने, उत्तराखंड में इंडियन माउंटेनियरिंग फाउंडेशन का काउंटर खोलने पर अगले महीने विचार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा और दुर्घटनाओं को दिखते हुए राज्य में रेस्क्यू सेंटर खोलने पर भी विचार हो रहा है।
मुख्यमंत्री आज दोपहर करीब 12.30 बजे हेलीकॉप्टर से मातली हेलीपैड पहुंचे। यहां से वे कार द्वारा नेहरू पर्वतारोहण संस्थान पहुंचे और माउंटेनियरिंग समिट में शिरकत की। यहां उनका स्वागत निम के प्रधानाचार्य कर्नल अमित बिष्ट ने किया।
Written by
Y S Bisht

लखनऊ यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन करने के बाद कई टीवी प्रोग्राम के लिए काम किया। एशिया डिफेंस न्यूज़ इंटरनेशनल (अडनी) से जुड़े। यह एजेंसी हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, मणिपुरी और असमिया में अपनी सेवाएं देती है। इसके अलावा एशिया डिफेंस न्यूज के नाम से एक मासिक पत्रिका भी निकालती थी। वर्ष 2013 में जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर हिल-मेल वेबसाइट शुरू की। फरवरी 2016 से हिल-मेल में बतौर संपादक कार्यरत। मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल के निवासी हैं।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles