Monday , 7 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ ढाई घंटे में देहरादून से दिल्ली पहुंचाएगी एलिवेटेड रोड, ऐसा होगा रूट
उत्तराखंड न्यूज़

ढाई घंटे में देहरादून से दिल्ली पहुंचाएगी एलिवेटेड रोड, ऐसा होगा रूट

दिल्ली से देहरादून के बीच सड़क से सफर करने वालों के लिए यह खबर खास है। आने वाले समय में दिल्ली से देहरादून का सफर ढाई घंटे में सिमट जाएगा। अभी यह सफर पूरा करने में पांच से छह घंटे तक लग जाते हैं। दरअसल, केंद्र सरकार ने देहरादून से दिल्ली के बीच एलिवेटेड एक्सप्रेस वे को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। यह एक्सप्रेस वे सहारनपुर, बागपत से दिल्ली तक जुड़ेगा।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने देहरादून दिल्ली के बीच एलिवेटेड एक्सप्रेस वे को भारत सरकार से सैद्धांतिक स्वीकृति मिलने पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रीय राजमार्ग के बन जाने से राज्य के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। यह राष्ट्रीय राजमार्ग राज्य के आर्थिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा। राष्ट्रीय राजमार्ग के बन जाने से दिल्ली से देहरादून के बीच की दूरी लगभग 180 किलोमीटर रह जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार राजमार्ग निर्माण में एनएचएआई की हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी।
मुख्यमंत्री सोमवार को अपने आवास में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अध्यक्ष एस. एस. संधू ने मुलाकात की। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही देहरादून से दिल्ली के लिए नए राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस नए राष्ट्रीय राजमार्ग के बन जाने के बाद दिल्ली से देहरादून की दूरी मात्र ढाई घंटे में पूरी की जा सकेगी। इस राजमार्ग में एलिवेटेड रोड और मोहंड के पास एक नई सुरंग प्रस्तावित है।
एनएचएआई के अध्यक्ष संधू ने मुख्यमंत्री से कहा कि इस राष्ट्रीय राजमार्ग कुछ भाग उत्तर प्रदेश के फॉरेस्ट और वाइल्ड लाइफ से होकर गुजरता है। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार से फॉरेस्ट एवं वाइल्ड लाइफ क्लियरेंस कार्य में तेजी लाने का अनुरोध किया जाए, ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण का कार्य शुरू किया जा सके।

ऐसा होगा पूरा एलिवेटेड रूट

दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून सड़क परियोजना (इकोनोमिक कॉरिडोर) का सेक्शन -01 अक्षरधाम से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (ईपीई) की कुल लंबाई 31.2 किमी होगी, इसमें 18 किमी एलिवेटेड मार्ग है जिसके अनुमानित लागत 3250 करोड़ रुपये होगी। परियोजना के सेक्शन -2 से ईपीई से सहारनुपर बाईपास 118 किमी है जिसकी अनुमानित लागत 4830 करोड़ रुपये है। सेक्शन – 3 गणेशपुर से देहरादून होगा, जिसकी कुल लंबाई 20.7 किमी है।

डाट काली मंदिर के पास बनेगी एक और सुरंग

वर्तमान में दिल्ली-देहरादून दो लेन का मार्ग है, जिसे 04 लेन का किया जाएगा। मोहंड से आगे (देहरादून की ओर) 1.8 किमी लंबी टनल तथा नदी के साथ 6.8 किमी एलिवेटेड मार्ग का निर्माण होगा। साथ ही डाट काली मंदिर के पास 400 मी की एक अन्य सुरंग का निर्माण किया जाएगा। वहां से  देहरादून के मौजूदा 4 किमी लंबे मार्ग को चार लेन का बनाया जाएगा।
Written by
Y S Bisht

लखनऊ यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन करने के बाद कई टीवी प्रोग्राम के लिए काम किया। एशिया डिफेंस न्यूज़ इंटरनेशनल (अडनी) से जुड़े। यह एजेंसी हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, मणिपुरी और असमिया में अपनी सेवाएं देती है। इसके अलावा एशिया डिफेंस न्यूज के नाम से एक मासिक पत्रिका भी निकालती थी। वर्ष 2013 में जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर हिल-मेल वेबसाइट शुरू की। फरवरी 2016 से हिल-मेल में बतौर संपादक कार्यरत। मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल के निवासी हैं।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles