Saturday , 5 September 2026
Home देश-विदेश कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने NSA डोभाल के बेटे विवेक से मानहानि के मामले में मांगी माफी
देश-विदेश

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने NSA डोभाल के बेटे विवेक से मानहानि के मामले में मांगी माफी

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA)अजीत डोभाल के बेटे विवेक डोभाल से उन बेबुनियाद आरोपों के लिए माफी मांग ली है, जो उन्होंने बाकायदा एक प्रेस कांफ्रेंस करके लगाए थे। जयराम रमेश ने अपने माफीनामे में लिखा है कि विवेक डोभाल और उनके पिता को लेकर जो कुछ भी उन्होंने कहा था, वो उत्तेजना थी। वह चुनाव का भी वक्त था, लिहाजा विवेक डोभाल, उनके परिवार और बिजनेस को लेकर कही गई बातों पर वह माफी मांगते हैं।

विवेक डोभाल ने जयराम रमेश की माफी को स्वीकार कर लिया है। उन्होंने मानहानि के मामले से जयराम रमेश का नाम वापस ले लिया है। यह मामला साल 2019 का है। विवेक डोभाल ने जयराम रमेश के साथ-साथ एक अंग्रेजी पत्रिका ‘कारवां’ के खिलाफ मानहानि का मुकदमा कर रखा है, इसमें प्रकाशित एक लेख में विवेक और उनके परिवार के खिलाफ बेहद अपमानजनक टिप्पणियां की गई थीं।

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने अपने माफीनामे में कहा है कि मैंने विवेक डोभाल के खिलाफ बयान दिया और चुनावी गर्मी के माहौल में आकर गुस्से में कई आरोप लगाए, मुझे इनका सत्यापन करना चाहिए था।

दरअसल, जयराम रमेश ने पत्रिका में प्रकाशित अपमानजनक लेख के जरिये कही गईं बातों को बाकायदा एक प्रेस कांफ्रेंस में दोहराया था। इस पर विवेक डोभाल ने मानहानि के आपराधिक मामले में उन्हें भी आरोपी बनाया था। ‘द कारवां’ ने NSA अजीत डोभाल और उनके परिवार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि NSAके बेटे विवेक केमैन आइलैंड में हेज फंड चलाते हैं, जो 2016 में नोटबंदी की घोषणा के कुछ दिन बाद रजिस्टर्ड हुआ था। यही नहीं पत्रिका ने डोभाल परिवार के लिए अपमानजनक शब्द का भी इस्तेमाल किया था। इस पर विवेक डोभाल ने पत्रिका पर जानबूझकर उनकी और परिवार की छवि खराब करने और उन्हें बदनाम करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि मैगजीन यह सब उनके पिता अजीत डोभाल से राजनीतिक प्रतिशोध लेने के लिए कर रही है। विवेक ने जयराम रमेश को इन आरोपों पर खुली बहस की चुनौती भी दी थी।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles