Saturday , 5 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ नैनीताल नैनीताल जिले में ये क्या हो गया! कोरोना संक्रमण के केस 100 के पार
नैनीतालउत्तराखंड न्यूज़

नैनीताल जिले में ये क्या हो गया! कोरोना संक्रमण के केस 100 के पार

उत्तराखंड में कुछ दिनों पहले तक देहरादून जिले में सबसे ज्यादा कोरोना के केस थे लेकिन अब नैनीताल जिले में तेजी से मरीज बढ़ रहे। जी हां, प्रवासियों के आने से अचानक इस जिले में पॉजिटिव मरीज बढ़े हैं। रविवार को यहां 32 पॉजिटिव केस मिले। एक दिन पहले शनिवार को एकसाथ 55 लोग पॉजिटिव पाए गए थे। चिंता की बात यह है कि अब जिले में कोरोना मरीजों की संख्या 110 पहुंच चुकी है।

कोरोना के सभी मरीजों को डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में भर्ती किया गया है। इनमें से एक बड़ी संख्या उन लोगों की है जो महाराष्ट्र से पिछले 3-4 दिनों में लौटे हैं। चिंता की बात यह है कि नैनीताल जिले में शनिवार को पॉजिटिव पाए गए सभी 57 कोरोना मरीजों में से 55 महाराष्ट्र से एक ही ट्रेन से 21 मई को हरिद्वार लौटे थे। जहां से इन्हें बसों से हल्द्वानी लाया गया था।

पढ़ें- उत्तराखंड में आज भी बढ़े 54 कोरोना पॉजिटिव, कुल मामले 300 के करीब

बताया जा रहा है कि ट्रेन से आए करीब 400 लोगों को हल्द्वानी में ही संस्थागत क्वारंटीन में रखा गया है। अधिकारियों का मानना है कि एक साथ आने की वजह से इनमें संक्रमण फैला है।

प्रदेश में कोरोना के मामलों की संख्या 300 के पास जा पहुंची है। आज सामने आए 54 नए मामलों में से सबसे ज्यादा 32 केस नैनीताल जिले से हैं। ऐसे में प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग का पूरा फोकस नैनीताल की तरफ शिफ्ट हो गया है।

लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि बाहर से आने वाले लोगों की मानकों के अनुसार टेस्टिंग हो। सेनेटाइजेशन की पूरी व्यवस्था हो, क्वारंटीन के नियमों का पालन हो। जिले के अधिकारी ग्राम प्रधानों को हरसंभव मदद करें। गरीबों व बाहर से आने वालों के लिए राशन की कमी न हो।

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक उत्तराखंड में एक लाख आबादी पर 174 लोगों (1.10 करोड़ आबादी में 19248 टेस्ट) की जांच हो चुकी है। जबकि देश में एक लाख आबादी पर 197 टेस्ट (138 करोड़ आबादी पर 27.19 लाख जांच) हो चुके हैं।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles