उत्तराखंड में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए बाजार दो बजे बंद हो रहे हैं। हालांकि अभी तक शराब की दुकानों को इससे छूट मिली हुई थी। लेकिन अब राज्य सरकार ने शराब की दुकानों को भी दो बजे ही बंद करने का फैसला लिया है।
कोविड संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए राज्य सरकार की ओर से प्रदेश में रविवार को पूर्ण लॉकडाउन का आदेश दिया गया है। इसके साथ ही सामान्य दिनों में शाम 7 बजे से सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू घोषित है। कोरोना संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित राजधानी देहरादून में शनिवार एवं रविवार को लॉकडाउन घोषित है। अति महत्वपूर्ण सामान एवं दवाओं को छोड़कर बाकी बाजार भी दोपहर दो बजे बंद हो रहे हैं। लेकिन शराब की दुकानों को इससे छूट मिली हुई थी।
अब शराब की दुकानें भी बाजार की अन्य दुकानों की तरह ही 2 बजे दोपहर में बंद हो जाएंगी। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने शनिवार को कहा कि उन्हें राजस्व से ज्यादा राज्य के वासियों के स्वास्थ्य की चिंता है। संक्रमण को रोकने के लिए जो भी जरूरी कदम होंगे वो उठाए जाएंगे।
जब से प्रदेश में कोरोना का संक्रमण में तेजी आई है, सरकार ने भी रोकथाम के प्रयास तेज कर दिए हैं। इसमें खासतौर कोविड की चेन तोड़ने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। महामारी के खिलाफ चल रही लड़ाई के क्रम में बाजार के प्रतिष्ठानों को दोपहर 2 बजे ही बंद करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने यह निर्णय लिया कि प्रदेश में संचालित शराब की दुकानें भी बाजार के अन्य प्रतिष्ठानों के साथ ही दोपहर दो बजे में बंद हो जाएंगी। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह ने कहा कि शराब की दुकानें जल्दी बंद किए जाने से राजस्व का नुकसान होना तो स्वाभाविक है। लेकिन मुझे अपने प्रदेश की जनता की चिंता है। हर हाल में प्रदेश को संक्रमण के प्रभाव से बचाना है।


Leave a comment