Sunday , 6 September 2026
Home देश-विदेश कोरोना की दो वैक्सीन के इस्तेमाल को मंजूरी, मुफ्त लगेगा टीका; पीएम मोदी बोले – वैज्ञानिकों-कोरोना वॉरियर्स का आभार
देश-विदेश

कोरोना की दो वैक्सीन के इस्तेमाल को मंजूरी, मुफ्त लगेगा टीका; पीएम मोदी बोले – वैज्ञानिकों-कोरोना वॉरियर्स का आभार

कोरोना वैक्सीन पर ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया यानी DCGI ने बड़ा ऐलान किया है। DCGI ने सीरम इंस्टीट्यूट की Vaccine Covishield और भारत बायोटेक की वैक्सीन COVAXIN के आपातकालीन इस्तेमाल की अंतिम मंजूरी दे दी है। अब ये वैक्सीन देश में आम लोगों को लगाई जा सकेंगी। केंद्रीय औषधि प्राधिकरण की एक विशेषज्ञ समिति (SEC) ने 1 जनवरी को कोविशील्ड और 2 जनवरी कोवैक्सीन के इमरजेंसी इस्तेमाल की अनुमति देने की DCGI से सिफारिश की थी। DCGI ने इस पर अब मुहर लगा दी है।

पीएम नरेंद्र मोदी ने दो कोरोना वैक्सीन के आपातकालीन इस्तेमाल को लेकर पूरे देशवाासियों को बधाई दी है। उन्होंने एक के बाद एक कई ट्वीट कर कहा, एक मजबूत सामूहिक लड़ाई के लिए निर्णायक मोड़! डीसीजीआई ने @SerumInstIndia तथा @BharatBiotech के टीके को मंजूरी दी। यह एक स्वस्थ और COVID मुक्त राष्ट्र की दिशा में ले जाएगा। भारत को बधाई। हमारे मेहनती वैज्ञानिकों और इनोवेटर्स को बधाई।

एक अन्य ट्वीट में पीएम मोदी ने कहा, हर भारतीय इस बात पर गर्व करेगा कि जिन दो टीकों के आपातकालीन उपयोग को मंजूरी दी गई है, वे भारत में बने हैं! यह एक आत्मनिर्भर भारत के सपने को पूरा करने के लिए हमारे वैज्ञानिक समुदाय की उत्सुकता को दर्शाता है। इसके मूल में देखभाल और करुणा है।

 

 

‘हम विपरीत परिस्थितियों में डॉक्टरों, चिकित्सा कर्मचारियों, वैज्ञानिकों, पुलिसकर्मियों, स्वच्छता कार्यकर्ताओं और सभी कोरोना योद्धाओं द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए अपना आभार दोहराते हैं। हम कई लोगों की जान बचाने के लिए उनके प्रति सदा आभारी रहेंगे।’

 

वैक्सीन को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर भारत के ड्रग कंट्रोलर जनरल वीजी सोमानी ने कहा कि यदि सुरक्षा संबंधी थोड़ी भी चिंता हो, तो हम कभी भी कुछ भी मंजूर नहीं करेंगे। टीके 100 फीसदी सुरक्षित हैं। हल्के बुखार, दर्द और एलर्जी जैसे कुछ दुष्प्रभाव हर टीका के लिए आम हैं। इस टीके से लोग नपुंसक हो सकते हैं, यह बात पूरी तरह बकवास है।

इससे पहले, स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कोरोना वैक्सीन को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि देशभर में कोरोना की वैक्सीन मुफ्त में लगाई जाएगी। हर्षवर्धन ने कहा है कि सिर्फ दिल्ली ही नहीं, पूरे देश में कोरोना की वैक्सीन मुफ्त में लगाई जाएगी। हालांकि, यहां यह बात महत्वपूर्ण है कि सभी नागरिकों को कोरोना का टीका नहीं लगेगा। सरकार पहले भी कई मौकों पर स्पष्ट कर चुकी है कि सभी भारतीयों को टीका लगाने की जरूरत ही नहीं होगी। सिर्फ उतनी आबादी को टीका लगाया जाएगा जिससे कोरोना के प्रति हर्ड इम्युनिटी विकसित हो जाए यानी कोरोना संक्रमण की चेन टूट जाए। हां, अब स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट कर दिया है कि जिन्हें भी कोरोना की वैक्सीन लगेगी, उनसे इसके लिए एक भी पैसा नहीं लिया जाएगा। टीका किन्हें लगेगा, ये सरकार चिह्नित कर रही है। पहले चरण में 51 लाख लोगों को टीका लगाया जाएगा जिनमें हेल्थकेयर वर्कर, कोरोना वॉरियर, 50 साल से ज्यादा उम्र के लोग या किसी अन्य गंभीर बीमारी से पीड़ित लोग होंगे।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles