Saturday , 5 September 2026
Home देश-विदेश VIDEO किन्नौर हादसाः 13 लोगों के शव बरामद, ITBP के बचाव दल ने तड़के खोजा बस का मलबा
देश-विदेश

VIDEO किन्नौर हादसाः 13 लोगों के शव बरामद, ITBP के बचाव दल ने तड़के खोजा बस का मलबा

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में निगोसारी और चौरा के बीच में अचानक पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा टूट गया, जिसकी चपेट में हिमाचल रोडवेज की एक बस समेत कई गाड़ियां आ गई। अब तक 13 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। मलबे से 13 लोगों को रेस्क्यू किया है, इन सभी को सीएचसी भावनगर में भर्ती कराया गया है। अब भी कई लोग लापता बताए जा रहे हैं।

एसडीआरएफ, आईटीबीपी की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। हिमाचल के राज्य आपातकाल ऑपरेशन केंद्र के मुताबिक, फिलहाल एनएच-5 को खोल दिया गया है, लेकिन वाहनों की आवाजाही अभी शुरू नहीं की गई है। हादसा बुधवार दोपहर 12 बजकर 45 मिनट के आसपास हुआ।

आईटीबीपी के बचाव दल ने हादसे का शिकार हुई बस का मलबा खोज लिया है। आईटीबीपी के 17, 18 और 43 बटालियन के जवानों ने सुबह 5.25 बजे सड़क से 500 मीटर नीचे और सतलुज नदी से 200 मीटर ऊपर बस का मलबा खोजा। रेस्क्यू में आईटीबीपी के 300 जवान लगे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से फोन पर बात की और किन्नौर हादसे की जानकारी ली। पीएम मोदी की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया गया है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, किन्नौर में हुई भूस्खलन की घटना बहुत दुखद है। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं अपनों को खोने वाले परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों की जल्द ठीक होने की कामना करता हूं। बचाव कार्य चल रहा है और मलबे में फंसे लोगों की मदद के लिए सभी संभव कदम उठाए जा रहे हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से इस हादसे को लेकर बात की। गृह मंत्री ने ITBP के डीजी से बात कर तुरंत मदद पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

 

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles