Friday , 4 September 2026
Home देश-विदेश भारतीय क्रिकेट का सबसे गोल्डन चैप्टर पूरा, महेंद्र सिंह धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया
देश-विदेश

भारतीय क्रिकेट का सबसे गोल्डन चैप्टर पूरा, महेंद्र सिंह धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया

भारतीय क्रिकेट का सबसे चमकदार अध्याय आज पूरा हो गया। भारत के पूर्व टेस्ट और वनडे कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। पिछले कुछ समय से अटकलें लगाई जा रही थीं कि धोनी संन्यास लेने का मन बना रहे हैं। लेकिन वह बिना किसी विदाई मैच के अपने इतने चमकदार करियर को ऐसे अलविदा कहेंगे, ये कल्पना उनके फैंस ने नहीं की थी। हालांकि वह आईपीएल में खेलते रहेंगे। भारत को टेस्ट क्रिकेट में नंबर वन बनाने, टी-20 और वनडे का विश्वकप दिलाने और आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जिताने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। वह टी-20, वनडे विश्वकप और चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाले दुनिया के एकमात्र कप्तान हैं।

 

 

उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘आपके प्यार और समर्थन के लिए शुक्रिया। 7.29 बजे से मुझे रिटायर समझें। धन्यवाद।’

https://www.instagram.com/p/CD6ZQn1lGBi/

 

मूल रूप से उत्तराखंड के धोनी झारखंड में पले बढ़े। झारखंड के क्रिकेट से आगे निकलकर धोनी भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे कामयाब कप्तान बने। उनकी कप्तानी में ही भारत ने 2007 में पहले वर्ल्ड टी20 का खिताब जीता था। इसके बाद 2 अप्रैल 2011 को उनकी कप्तानी में भारत ने करीब 28 साल बाद वनडे वर्ल्ड कप की ट्रॉफी पर कब्जा किया था। फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ लगाया गया वह विजयी छक्का हर क्रिकेट प्रेमी के जेहन में हमेशा रहेगा।

एक नजर धोनी के चमकदार करियर पर

धोनी ने 2004 में बांग्लादेश के खिलाफ अपने वनडे डेब्यू किया। इसके बाद साल 2005 में चेन्नई में श्रीलंका के खिलाफ उन्हें टेस्ट कैप दी गई। धोनी ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ साल 2006 में अपना टी-20 डेब्यू किया। धोनी ने 90 टेस्ट मैचों की 144 पारियों में 4876 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने छह शतक और 33 अर्धशतक लगाए। वहीं वनडे क्रिकेट में 350 मैचों 10773 रन बनाए। 50.57 के औसत से बनाए गए इन रनों में धोनी ने 10 शतक और 73 अर्धशतक लगाए।

धोनी के रिटायरमेंट के बाद क्या बोले दिग्गज

धोनी के संन्यास पर सचिन तेंदुलकर ने ट्वीट कर लिखा, भारतीय क्रिकेट में तुम्हारा बहुत बड़ा योगदान है एमएस धोनी। 2011 में साथ मिलकर विश्वकप जीतना मेरे जीवन का सबसे बड़ा लम्हा रहा। आपको जीवन की दूसरी पारी के लिए शुभकामनाएं।

सुरेश रैना भी किया संन्यास का ऐलान

एक और चमकदार खिलाड़ी सुरेश रैना ने भी धोनी के साथ अपने क्रिकेट करियर को अलविदा कह दिया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर इसकी सूचना दी। उन्होंने लिखा, ‘आपके साथ खेलने से बेहतर कुछ नही। मेरा दिन गर्व से भरा हुआ है। मैंने आपके साथ इस यात्रा में साथ आने का फैसला किया है। शुक्रिया भारत… जय हिंद।’

https://www.instagram.com/p/CD6d3QChY-V/

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles