केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंत्रिमंडल के बहुप्रतीक्षित कैबिनेट विस्तार में कुछ ही समय शेष बचा है। ऐसे में किन नए चेहरों को कैबिनेट में जगह मिलने जा रही है, यह लगभग तय हो गया है। ऐसा माना जा रहा है कि उत्तराखंड को पहली बार दो कैबिनेट मंत्रालय मिलने जा रहे हैं। मोदी सरकार 2.0 के पहले कैबिनेट विस्तार में नैनीताल लोकसभा सीट से सांसद अजय भट्ट और राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी को जगह मिलने की संभावना है।
कैबिनेट विस्तार से पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ का इस्तीफा हो गया है। बताया जा रहा है कि स्वास्थ्य कारणों के चलते ऐसा हुआ है। हालांकि मोदी कैबिनेट से कई मंत्रियों की छुट्टी कर दी गई है। प्रधानमंत्री मोदी ने डेढ़ महीने तक मंत्रालयों की समीक्षा के बाद कैबिनेट में बदलाव का फैसला लिया है।
नैनीताल-ऊधम सिंह नगर सीट से सांसद अजय भट्ट राज्य में पार्टी के मुखिया भी रहे हैं। वह विधानसभा में नेता विपक्ष भी रह चुके हैं। अजय भट्ट उत्तराखंड में भाजपा के सबसे वरिष्ठ नेताओं में से एक हैं। राज्य में भाजपा की सरकारों में कई मंत्रालयों का अनुभव उनके पास है।
अनिल बलूनी को 2018 में भाजपा ने उत्तराखंड से राज्यसभा भेजा था। वह पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं। पौड़ी-गढ़वाल जिले से आने वाले बलूनी को पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का करीबी समझा जाता है।


Leave a comment