Saturday , 5 September 2026
Home देश-विदेश मोदी कैबिनेट 2.0 का विस्तार, अजय भट्ट ने राज्यमंत्री के रूप में ली शपथ, राणे, सोनोवाल, सिंधिया, भूपेंद्र यादव भी बने मंत्री
देश-विदेश

मोदी कैबिनेट 2.0 का विस्तार, अजय भट्ट ने राज्यमंत्री के रूप में ली शपथ, राणे, सोनोवाल, सिंधिया, भूपेंद्र यादव भी बने मंत्री

नरेंद्र मोदी 2.0 कार्यकाल का पहला बहुप्रतीक्षित कैबिनेट विस्तार हो गया है। राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह सभी मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। उत्तराखंड की नैनीताल लोकसभा सीट से सांसद अजय भट्ट को मोदी कैबिनेट में राज्यमंत्री के रूप में शामिल किया गया है।  अजय भट्ट राज्‍य में पार्टी के मुखिया भी रहे हैं। वह विधानसभा में नेता विपक्ष भी रह चुके हैं। अजय भट्ट उत्‍तराखंड में भाजपा के सबसे वरिष्ठ नेताओं में से एक हैं। राज्य में भाजपा की सरकारों में कई मंत्रालयों का अनुभव उनके पास है।

सबसे पहले महाराष्ट्र के पूर्व सीएम एवं राज्यसभा सांसद नारायण राणे ने शपथ ली। इसके बाद असम के पूर्व मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। वह इस समय असम का माजुली सीट से विधायक हैं। डा. वीरेंद्र कुमार मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ से सांसद है, वह महिला एवं बाल विकास एवं अल्पसंख्यक राज्यमंत्री रहे हैं। उन्हें प्रोन्नत कर कैबिनेट मंत्रालय दिया गया है।

मध्य प्रदेश से राज्य सभा सांसद और कांग्रेस से भाजपा में आए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी कैबिनेट मंत्री की शपथ ली। जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने भी कैबिनेट मंत्री की शपथ ली। वह दूसरी बार के राज्यसभा के सांसद हैं। इससे पहले वह यूपी कैडर के नौकरशाह रहे हैं। अश्विनी वैष्णव ओडिशा से राज्यसभा सांसद हैं। उन्हें भी कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। वह आईआईटी कानपुर से एमटेक हैं और 1994 कैडर के आईएएस अधिकारी रहे हैं।

इसके बाद बाद राम बिलास पासवान के भाई पशुपति कुमार पारस को भी कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। हाल ही में हाजीपुर से सांसद पशुपति कुमार चिराग पासवान को हटाकर पार्टी अध्यक्ष बन गए हैं। मौजूदा मोदी कैबिनेट में खेल राज्यमंत्री किरण रिजीजू को प्रोन्नत कर कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। वह अरुणाचल प्रदेश से भाजपा सांसद हैं और युवाओं में काफी लोकप्रिय हैं।

मौजूदा कैबिनेट में ऊर्जा राज्य मंत्री राजकुमार सिंह को भी प्रोन्नत कर कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। वह बिहार के आरा से सांसद हैं और पूर्व गृह सचिव रह चुके हैं। हरदीप सिंह पुरी को भी उनके काम के लिए इनाम मिला है। 1974 बैच के आईएफएस अधिकारी और संयुक्त राष्ट्र में स्थायी प्रतिनिधि रहे पुरी अभी तक नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार थे। गुजराज से राज्यसभा सांसद मनसुख मांडविया भी प्रोन्नति पाने वाले राज्यमंत्रियों में आते हैं। अपनी पदयात्राओं के लिए प्रख्यात मांडविया को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है।

भाजपा के बड़े नेता और राष्ट्रीय महासचिव भूपेंद्र यादव 2012 से राज्यसभा सांसद हैं। उन्हें भी मोदी कैबिनेट के विस्तार में कैबिनेट मंत्री के रूप में जगह दी गई है। गुजरात से राज्यसभा सांसद पुरुषोत्तम रूपाला को भी प्रोन्नत कर कैबिनेट रैंक दिया गया है। गृह राज्यमंत्री जी किशन रेड्डी को भी मोदी कैबिनेट विस्तार में प्रोन्नत कर मंत्री बनाया गया है। वह आंध्र प्रदेश से आते हैं और सिकंदराबाद से भाजपा सांसद हैं। अनुराग ठाकुर वित्त राज्यमंत्री हैं, उन्हें प्रोन्नत कर कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। वह हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से सांसद हैं।

यूपी के महाराजगंज से भाजपा सांसद पकज चौधरी को राज्यमंत्री बनाया गया है। अपना दल की नेता अनुप्रिया पटेल को भी राज्यमंत्री बनाया गया है। आगरा से सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल को भी राज्यमंत्री के रूप में मोदी कैबिनेट में शामिल किया गया है। कर्नाटक से राज्यसभा सांसद राजीव चंद्रशेखर को भी राज्यमंत्री के रूप में कैबिनेट में जगह दी गई है। कर्नाटक के उड़ुपी से सांसद शोभा करंदलजे को भी राज्यमंत्री के रूप में कैबिनेट में शामिल किया गया है। यूपी के जालौन से लोकसभा सांसद भानु प्रताप वर्मा को भी राज्यमंत्री बनाया गया है। सूरत से सांसद और भाजपा महिला मोर्चा की महासचिव दर्शना जरदोश को भी राज्यमंत्री बनाया गया है। दक्षिण दिल्ली से सांसद मीनाक्षी लेखी को भी मोदी कैबिनेट में राज्यमंत्री बनाया गया है। झारखंड के कोडरमा से से सांसद अन्नपूर्णा देवी को भी मोदी कैबिनेट में शामिल किया गया है।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles