देवभूमि में प्रतिभाशाली युवाओं की कमी नहीं है। सेना से लेकर फिल्म उद्योग में पहाड़ के सपूत अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। इसी क्रम में एक और होनहार का नाम शामिल हुआ है। उत्तराखंड के चंपावत जिले के बालातड़ी, जमलेक के रहने वाले निर्मल भट्ट को बड़ी उपलब्धि मिली है। 14 साल के निर्मल भट्ट ने एक विज्ञापन में एक्टिंग की है, जिसकी खूब चर्चा हो रही है।
दरअसल, यह विज्ञापन पहलवान बजरंग पूनिया के जीवन पर आधारित है। विज्ञापन में बजरंग पूनिया के बचपन का रोल निर्मल ने किया है। खास बात यह है कि विज्ञापन दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक कोका-कोला के मशहूर पेय ब्रांड थंब्स-अप के लिए बनाया गया है।
इस विज्ञापन के लिए आवाज भोजपुरी सिनेमा के मशहूर कलाकार और गोरखपुर से सांसद रवि किशन ने दी है। विज्ञापन टोक्यो में चल रहे ओलंपिक को ध्यान में रखकर जारी किया गया है। विज्ञापन को थंब्स-अप ने अपने आफिशियल यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया है। अब तक इसके दो वर्जन आ चुके हैं। 10 लाख से ज्यादा बार इन विज्ञापनों को अब तक यूट्यूब पर देखा जा चुका है। इसके अलावा विज्ञापन को टीवी सहित अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दिखाया जा रहा है।
निर्मल के बारे में जानिए
निर्मल का थिएटर से पुराना नाता रहा है। वह तीन बार राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय यानी एनएसडी दिल्ली से एक्टिंग वर्कशॉप कर चुके हैं। निर्मल अभी दिल्ली में नौवीं कक्षा में पढ़ाई कर रहे हैं। उनका सपना एक अच्छा कलाकार बनने का है। खाली वक्त में निर्मल घर पर ही एक्टिंग करते रहते हैं। उनके पिता हरीश भट्ट दिल्ली में शेयर मार्केट से जुड़ा खुद का रोजगार करते हैं।
बेटे की उपलब्धि पर हरीश कहते हैं कि निर्मल अभिनय को लेकर जुनूनी है। हम कोशिश कर रहे हैं कि उसको सही दिशा में आगे बढ़ा पाएं। सबसे ज्यादा खुश उनकी मां हैं। माया देवी ही सबसे पहले एक्टिंग वर्कशॉप के लिए फॉर्म भरकर एनएसडी में जमा करने गई थीं।
हिंदी,अंग्रेजी के अलावा निर्मल कुमाउंनी भी अच्छी तरह बोल लेते हैं। वह लगातार पहाड़ आते रहते हैं। इस विज्ञापन के लिए जब निर्मल को ऑफर मिला तो उस वक्त वह चंपावत में ही थे। फोन आने के बाद तुरंत निकले और आगरा में तीन दिन तक शूटिंग की।
आलिया भट्ट, कियारा आडवाणी, कटरीना कैफ, शाहरुख खान के साथ कई बड़े ब्रांड्स के लिए निर्देशन कर चुके शशांक चतुर्वेदी उर्फ बॉब इस विज्ञापन के डायरेक्टर हैं।




Leave a comment