आम आदमी पार्टी के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष एसएस कलेर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। पार्टी की ओर से कहा गया है कि उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के खिलाफ खटीमा से चुनाव लड़ने की बड़ी जिम्मेदारी मिलने के चलते पद छोड़ा है। वहीं पार्टी ने क्षेत्रीय संतुलन साधने के लिए गढवाल, कुमाऊं और तराई से तीन कार्यकारी अध्यक्षों की नियुक्ति की है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता और सीएम पद के प्रत्याशी कर्नल (रिटा.) अजय कोठियाल की मौजूदगी में हुई प्रेस वार्ता में बताया गया कि भूपेश उपाध्याय को कुमाऊं, अनंत राम चौहान को गढ़वाल और प्रेम सिंह राठौर को तराई का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है।

‘आप’ ने इसके साथ ही विधानसभा चुनाव के लिए कैंपेन कमेटी का भी ऐलान कर दिया है। दीपक बाली को पार्टी ने कैंपेन कमेटी का अध्यक्ष बनाया है, वहीं बसंत कुमार कैंपेन कमेटी के उपाध्यक्ष बनाए गए हैं।
‘आप’ के प्रदेश कार्यालय में हुई प्रेस वार्ता में सभी नवनियुक्त पदाधिकारी मौजूद थे। सभी ने बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने पर पार्टी का आभार जताया और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए मिलकर काम करने का संकल्प व्यक्त किया।
इससे पहले कांग्रेस ने भी अपने अध्यक्ष को बदलते हुए गणेश गोदियाल को नई जिम्मेदारी दी थी। साथ ही चार कार्यकारी अध्यक्षों की नियुक्ति की थी।


Leave a comment